Home छत्तीसगढ़ RAJNANDGAON गंडई के 64 मेधावी विद्यार्थियों ने रचा इतिहास, ‘नवप्रयास’ के सितारों से...

गंडई के 64 मेधावी विद्यार्थियों ने रचा इतिहास, ‘नवप्रयास’ के सितारों से चमका क्षेत्र का नाम

1
0

गंडई। जब इरादे मजबूत हों और गुरु का मार्गदर्शन साथ हो, तो सफलता खुद चलकर आती है। इसका जीवंत प्रमाण दिया है ‘नवप्रयास कोचिंग सेंटर’ गंडई के 64 मेधावी विद्यार्थियों ने। बाल दिवस के अवसर पर शासकीय नवीन पूर्व माध्यमिक शाला परिसर में आयोजित भव्य मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह में इन होनहार बच्चों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया। पूरा परिसर तालियों और खुशियों की गूंज से सराबोर नजर आया, जहां 300 से अधिक पालक, शिक्षक और गणमान्य अतिथि इन बच्चों का हौसला बढ़ाने के लिए मौजूद रहे।

गंडई के बच्चों ने लिखी सफलता की नई इबारत
नवप्रयास कोचिंग सेंटर के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतिष्ठित प्रवेश परीक्षाओं में शानदार सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है:

प्रयास परीक्षा: 29 विद्यार्थियों का चयन

एनएमएमएस (NMMS): 20 विद्यार्थियों का चयन

एक्लव्य विद्यालय: 6 विद्यार्थियों का चयन

सैनिक स्कूल: 5 विद्यार्थियों का चयन

जवाहर नवोदय विद्यालय: 4 विद्यार्थियों का चयन

ये महज आंकड़े नहीं हैं, बल्कि उन बच्चों के बुलंद सपनों की उड़ान हैं, जो कड़ाके की ठंड में भी सुबह-सुबह पढ़ाई के लिए पहुंचते थे और आज बड़े शिक्षण संस्थानों के द्वार खोल चुके हैं।

निःशुल्क शिक्षा ही असली सेवा
गौरतलब है कि ‘नवप्रयास कोचिंग सेंटर’ शासकीय शिक्षकों की एक निःस्वार्थ पहल है। यहां प्रतिदिन सुबह 7 से 9 बजे तक बच्चों को पूरी तरह निःशुल्क तैयारी कराई जाती है। संस्था का एकमात्र संकल्प यही है कि कोई भी मेधावी बच्चा पैसों की कमी के कारण अपने सपनों से दूर न रहे। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी उपेन्द्र कुमार देवांगन, सहायक संचालक मनोहर चंदेल, नगर पंचायत गंडई अध्यक्ष लाल टारकेश्वर शाह खुसरो, उपाध्यक्ष श्यामपाल ताम्रकार, पार्षद प्रकाश पटेल, पार्षद राकेश निषाद सहित कई अतिथि उपस्थित रहे।

डीईओ उपेन्द्र कुमार देवांगन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा, “नवप्रयास सिर्फ एक कोचिंग नहीं, बल्कि गरीब और ग्रामीण बच्चों के सपनों को पंख देने वाला मंदिर है। यहां के शिक्षक सच्चे अर्थों में राष्ट्र निर्माता हैं।”

जब हर आंख हो गई नम, मिला गॉड ऑफ ऑनर
समारोह का सबसे भावुक पल वह था, जब सैनिक स्कूल में चयनित पांचों बच्चों को मंच पर बुलाकर सभी ने खड़े होकर ‘सैल्यूट’ किया और उन्हें देश की रक्षा के लिए आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। इस दौरान शिक्षकों के तन, मन और धन के स्वस्फूर्त सहयोग की भी जमकर सराहना की गई।

मिला आर्थिक सहयोग और डिजिटल सौगात
इस विशेष अवसर पर विकास कार्यों और शिक्षण सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए बड़े सहयोग प्राप्त हुए। नगर पंचायत अध्यक्ष लाल टारकेश्वर शाह खुसरो की निधि से ₹2.50 लाख रुपए की लागत का डिजिटल बोर्ड और वार्ड क्रमांक 15 के पार्षद दिलीप ओगरे की ओर से ₹25,000 मूल्य की फोटोकॉपी प्रिंटर मशीन संस्था को उपलब्ध कराई गई। बाल दिवस पर संस्था के बच्चों द्वारा बनाई गई सुंदर रंगोली ने भी सभी का मन मोह लिया।

इस प्रेरणादायी आयोजन में यात्री पड़वार, संकुल समन्वयक कौशल सिंह राजपूत, राजेश कुमार श्रीवास्तव, पुनेश्वर राम देवांगन, भागचंद साहू, महेश कुमार वर्मा, विरेन्द्र कुमार वर्मा, खेमशंकर साहू, खेमलाल जंघेल, दीपक मिश्रा, पूर्णेश वैष्णव, उज्जवल नामदेव, जगदीश पटेल, मायाराम राठौर, परषोत्तम साहू, सुशील कुमार साहू, कौशल श्रीवास्तव, मुकेश कश्यप, शेख कलीम, पन्नालाल जंघेल, संतोष कुमार रजक, शेष नारायण साहू, लक्ष्मी निर्मलकर, रामदत्त साहू, भीखेंद्र जघेल, शिवचरण वर्मा, प्रभाकर जघेल, तोकराम सिन्हा, गांधी राम साहू, देवेंद्र साहू, संतोष दास झारिया, कमलेश सिंह नेताम सहित अनेक शिक्षक और बड़ी संख्या में ग्रामीण व पालक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान संस्था की दो वर्षों की उपलब्धियों का ब्योरा कौशल राजपूत ने प्रस्तुत किया।

सच्ची मेहनत और लगन करने वालों की कभी हार नहीं होती—गंडई के ये 64 सितारे आज हर युवा के लिए प्रेरणा हैं, जो कल देश का भविष्य रोशन करेंगे।