राजनांदगांव। लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। इस अवसर पर शहर के मोती तालाब और चिखली तालाब सहित विभिन्न जलाशयों के घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रती महिलाओं ने कमर तक पानी में खड़े होकर विधि-विधान से भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया और संतान की लंबी आयु, उज्ज्वल भविष्य तथा परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके साथ ही 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा कर व्रतियों ने पारण किया।
सोमवार तड़के से ही उत्तर प्रदेश और बिहार मूल के परिवार बड़ी संख्या में तालाबों के घाटों पर पहुंचने लगे थे। घाटों पर महिलाओं और पुरुषों की मौजूदगी से भक्तिमय माहौल बना रहा। पूजा-अर्चना के दौरान छठी मैया के पारंपरिक गीतों और भक्ति संगीत की मधुर धुनें गूंजती रहीं। व्रतियों ने पूजन के बाद प्रसादी का वितरण किया। पर्व के उल्लास में श्रद्धालुओं ने आतिशबाजी भी की।
चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ हुई थी। 14 नवंबर को खरना का विधान पूरा किया गया। इसके बाद 15 नवंबर को पर्व के तीसरे दिन व्रतियों ने जलाशयों के घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य दिया। बांस के सूप में फल, ठेकुआ, नारियल, गन्ना और अन्य पूजन सामग्री सजाकर सूर्यदेव को अर्पित की गई। शाम के समय कमर तक पानी में खड़े होकर व्रतियों ने परिवार की सुख-शांति और संतान की मंगलकामना के साथ पूजा-अर्चना की।
महापर्व के अंतिम दिन सोमवार को तड़के व्रती एक बार फिर घाटों पर पहुंचे और उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित किया। सूर्य उपासना और पूजा की परंपरागत विधियां पूरी करने के बाद व्रतियों ने पारण किया। इसी के साथ चार दिन तक चले छठ महापर्व का समापन हुआ।
छठ पर्व को लेकर शहर के श्रीगणेश मंदिर स्थित मोती तालाब के घाट को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। नगर निगम द्वारा तालाब परिसर में साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। मंदिर समिति ने भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक तैयारियां की थीं। इसके अलावा चिखली तालाब में भी बड़ी संख्या में व्रतियों और उनके परिजनों ने पहुंचकर सूर्यदेव की आराधना की।
उत्तर प्रदेश और बिहार मूल के लोगों के लिए छठ पर्व विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व रखता है। शहर में निवासरत इन परिवारों ने हर वर्ष की परंपरा के अनुरूप पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ पर्व मनाया। चार दिनों तक चले अनुष्ठान के दौरान तालाबों के घाटों पर आस्था, भक्ति और पारिवारिक सहभागिता का विशेष दृश्य देखने को मिला।



