Home छत्तीसगढ़ RAJNANDGAON महापौर मधुसूदन यादव ने किया विभिन्न वार्डों का औचक निरीक्षण

महापौर मधुसूदन यादव ने किया विभिन्न वार्डों का औचक निरीक्षण

2
0

राजनांदगांव। शहर के वार्डों में मूलभूत सुविधाओं—बिजली, पानी और साफ-सफाई—के साथ-साथ सौंदर्यीकरण और नए विकास कार्यों को गति देने के लिए महापौर मधुसूदन यादव ने सोमवार सुबह शहर के विभिन्न क्षेत्रों का सघन स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम, संबंधित वार्डों के पार्षद और तकनीकी अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे। महापौर ने मोती तालाब में छठ पूजा में शामिल होने के तुरंत बाद शहर के अलग-अलग हिस्सों में पहुंचकर विकास कार्यों की जमीनी हकीकत जानी और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

संविधान की प्रतिकृति और जैतखम्भ का होगा सौंदर्यीकरण
निरीक्षण की शुरुआत करते हुए महापौर ने सबसे पहले मोती तालाब में घाट निर्माण के लिए अधिकारियों को रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए। इसके बाद, आगामी संविधान दिवस के मद्देनजर अंबेडकर चौक पहुंचे महापौर ने वहां स्थापित संविधान की प्रतिकृति के सौंदर्यीकरण का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि आवश्यकतानुसार ग्रेनाइट पत्थर लगाकर और आकर्षक रंगरोगन कर इसे भव्य रूप दिया जाए।

इसी कड़ी में नंदई चौक स्थित गुरु घासीदास भवन के सामने बनने वाले जैतखम्भ के स्थल का अवलोकन करते हुए महापौर ने निर्देश दिए कि इसका निर्माण ‘नकटी ग्राम’ में बने जैतखम्भ की तर्ज पर किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे नकटी ग्राम जाकर वहां के जैतखम्भ का अध्ययन करें और उसी के अनुरूप ड्राइंग-डिजाइन तैयार कर जल्द लेआउट दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं देने के साथ-साथ प्रमुख चौक-चौराहों का सौंदर्यीकरण करना निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है।

सड़क चौड़ीकरण, सामुदायिक भवन और सुरक्षा कार्यों पर जोर

अनुपम नगर: स्थानीय रहवासियों की मांग पर महापौर ने एस.पी. टावर रोड के चौड़ीकरण के लिए मार्ग का निरीक्षण किया और मोहल्लावासियों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए कार्ययोजना बनाने को कहा। इसके साथ ही महादेव मंदिर परिसर में मरम्मत करवाकर टाइल्स लगाने के निर्देश दिए।

शिवनाथ कॉलोनी व पुत्रीशाला: शिवनाथ कॉलोनी के पास सीमेंट सड़क निर्माण के लिए स्थल का मुआयना किया गया। वहीं पुत्रीशाला परिसर पहुंचकर महापौर ने वहां प्रस्तावित कॉम्प्लेक्स निर्माण की प्रगति की जानकारी ली। कार्यपालन अभियंता दीपक खांडे ने बताया कि जीर्ण-शीर्ण भवन को तोड़ने के लिए रुचि की अभिव्यक्ति आमंत्रित करने के साथ ड्राइंग-डिजाइन तैयार की जा रही है।

बसंतपुर कोढ़ीखाना: बसंतपुर स्थित कोढ़ीखाना की भूमि की सुरक्षा और अतिक्रमण रोकने के लिए चैन फेंसिंग का प्रस्ताव डीएमएफ मद से भेजने के निर्देश दिए गए।

महापौर ने दो टूक शब्दों में कहा कि सभी अधिकारी दिए गए निर्देशों का समयसीमा में पालन करें और वार्डों में चल रहे कार्यों की सतत मॉनिटरिंग कर उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करें।

आयुक्त ने भी परखी विकास कार्यों की गति
निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के लिए नगर निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम ने भी अधिकारियों के साथ मैदानी निरीक्षण किया। उन्होंने वार्ड क्र. 7 राम नगर में सीसी रोड निर्माण का कार्य देखा और मोतीपुर वार्ड क्र. 3 स्थित सुभाष क्लब में निर्माणाधीन सामुदायिक भवन का मुआयना किया। आयुक्त ने कार्य में तेजी लाने, नियमित तराई करने और तय समयसीमा में निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द इसका लाभ मिल सके। इसके अलावा उन्होंने वार्ड क्र. 2 में सिन्हा समाज सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए भी पार्षदों और अधिकारियों के साथ चर्चा की।

इस दौरान निरीक्षण दल में संबंधित वार्डों के पार्षद सावन वर्मा, प्रमोद झंझाड़े, श्रीमती प्रियंका कुरंजेकर, सतीश साहू, अरुण साहू, पूर्व पार्षद विजय राय, पार्षद प्रतिनिधि पंकज कुरंजेकर, राजेश यादव सहित बड़ी संख्या में तकनीकी अधिकारी व स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।