Home छत्तीसगढ़ RAJNANDGAON श्री जलाराम मंदिर में धूमधाम से मनाई गई जलाराम बापा की 227वीं...

श्री जलाराम मंदिर में धूमधाम से मनाई गई जलाराम बापा की 227वीं जयंती

1
0

राजनांदगांव। युग पुरुष श्री जलाराम बापा की 227वीं जयंती सोमवार को शहर में पूरी श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर गुजराती कॉलोनी स्थित कंचन बाग के श्री जलाराम मंदिर में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान और सांस्कृतिक-आध्यात्मिक आयोजन संपन्न हुए। सुबह से ही मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा, वहीं गुजराती समाज की महिलाओं द्वारा प्रस्तुत किए गए भजनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

श्री जलाराम सेवा सत्संग समिति व श्री लोहाणा महाजन समाज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस जयंती महोत्सव की शहर में खासी धूम रही।

महापौर और दिग्गजों ने टेका मत्था
युग संत श्री जलाराम बापा के जन्मोत्सव पर उनके चरणों में शीश नवाने शहर के लोकप्रिय महापौर मधुसूदन यादव विशेष रूप से कंचन बाग मंदिर पहुंचे। उन्होंने बापा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और मंदिर में चल रहे महाप्रसादी भंडारे में शामिल होकर भोजन प्रसादी ग्रहण की।

इस पावन अवसर पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष जीतू मुदलियार, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा, पूर्व पार्षद मनीष साहू, नगर निगम के ईई दीपक खांडे, सब इंजीनियर अनूप पांडे सहित कई गणमान्य नागरिकों ने जलाराम बापा के दर्शन कर महाप्रसादी का लाभ उठाया।

हजारों श्रद्धालुओं ने छककर पाई महाप्रसादी
मंदिर के पुजारी महेंद्र शुक्ला ने बताया कि जयंती के अवसर पर विशाल महाप्रसादी का आयोजन किया गया था, जिसमें हजारों की संख्या में नर-नारियों ने पूरी श्रद्धा के साथ प्रसादी ग्रहण की। मंदिर में विराजित भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, जानकी जी और हनुमान जी की प्रतिमाओं की विशेष पूजा-अर्चना की गई।

पुजारी श्री शुक्ला ने बापा को नमन करते हुए पंक्तियां साझा कीं—

“राम नाम में लीन हैं, देखत सब में राम, ताके पद वंदन करूं, जय-जय जलाराम…!”

शाम को निकली भव्य शोभायात्रा
दोपहर बाद शहर में श्री जलाराम बापा की एक भव्य और आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई। इसमें बापा के अनुयायियों और सनातन धर्म के तमाम श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत किया गया, जिससे पूरा शहर जलाराममय नजर आया।