Home छत्तीसगढ़ RAJNANDGAON डायल-112 की तत्परता से महिला को मिला खोया हुआ पर्स, सोने के...

डायल-112 की तत्परता से महिला को मिला खोया हुआ पर्स, सोने के जेवरात पाकर खिले चेहरे

2
0

राजनांदगांव। राजनांदगांव पुलिस ने अपनी तत्परता, सजगता और ईमानदारी की एक और मिसाल पेश की है। डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत डायल-112 की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बाजार में खरीदारी करने आई एक महिला का गुम हुआ पर्स सुरक्षित ढूंढ निकाला और उसे सकुशल वापस लौटा दिया। अपना खोया हुआ कीमती सामान वापस पाकर महिला और उसके परिजनों ने पुलिस का हृदय से आभार जताया है।

क्या है पूरा मामला?
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 15 नवंबर 2026 की शाम थाना डोंगरगढ़ डायल-112 को सूचना मिली कि एक महिला का बाजार में सब्जी खरीदी के दौरान रास्ते में पर्स गिरकर गुम हो गया है। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम बिना किसी विलंब के तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई और कॉलर से संपर्क कर पूरी जानकारी ली।

प्रार्थिया कांति साहू ने पुलिस को बताया कि वह अपने पति के साथ बाजार सब्जी खरीदने आई थीं, इसी दौरान उनका पर्स कहीं गिर गया। आसपास पूछताछ करने पर एक सब्जी विक्रेता ने बताया कि रास्ते में गिरा पर्स एक अन्य व्यक्ति उठाकर ले गया है। इस महत्वपूर्ण सुराग के आधार पर पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई और सब्जी विक्रेता की सहायता से संबंधित व्यक्ति के घर पहुंचकर पूछताछ की।

पूछताछ में उस व्यक्ति ने रास्ते में पर्स मिलने की बात स्वीकार की। पुलिस ने जब पर्स की जांच की, तो उसमें सोने के कान का सामान (जेवरात) और उससे संबंधित बिल पूरी तरह सुरक्षित मिले।

डायल-112 टीम ने किया सुपुर्द
पुलिस ने आवश्यक औपचारिकता पूरी करते हुए गुम हुआ पर्स और उसमें रखी समस्त कीमती सामग्री सही सलामत महिला कांति साहू के हाथों में सौंप दी। अचानक अपना खोया हुआ सामान वापस मिलने पर कांति साहू और उनके पति की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने डोंगरगढ़ डायल-112 की टीम की संवेदनशीलता, ईमानदारी और त्वरित कार्रवाई की जमकर सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई
यह सराहनीय कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और एसडीओपी डोंगरगढ़ केसरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में संपन्न हुई। इस पूरी प्रक्रिया में डोंगरगढ़ डायल-112 की टीम के आरक्षक क्रमांक 1995 हीरालाल यादव और वाहन चालक क्रमांक 1266 दीपक ठाकुर की भूमिका अत्यंत उत्कृष्ट और सराहनीय रही।