राजनांदगांव। राज्य शासन की महत्वाकांक्षी ‘श्री रामलला दर्शन अयोध्या धाम योजना’ के अंतर्गत सोमवार को राजनांदगांव रेलवे स्टेशन से दुर्ग एवं बस्तर संभाग के 13 जिलों के 665 से अधिक श्रद्धालु विशेष ट्रेन के जरिए अयोध्या धाम के लिए रवाना हुए। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा और महापौर मधुसूदन यादव ने तीर्थयात्री विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर पूरा रेलवे स्टेशन परिसर भक्तिमय और उत्साह से सराबोर नजर आया। ‘जय श्रीराम’ के जयकारों और ढोल-मंजीरों की मंगल ध्वनि के बीच जब श्रद्धालुओं को विदा किया गया, तो प्रभु श्रीरामलला एवं बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन का अवसर मिलने की खुशी हर चेहरे पर साफ झलक रही थी। यात्रियों ने इस पुण्य यात्रा के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और राज्य शासन का आभार जताया।
प्रदेशवासियों के लिए ‘श्रवण कुमार’ बने मुख्यमंत्री: नीलू शर्मा
इस मौके पर छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेशवासियों की धार्मिक आस्था का पूरा सम्मान करते हुए इस योजना का सफल संचालन कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री साय आधुनिक दौर में ‘श्रवण कुमार’ की भूमिका निभाते हुए छत्तीसगढ़वासियों को प्रभु श्री रामलला और बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन करा रहे हैं।
श्री शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा लिए गए संकल्प के तहत अब तक प्रदेश के 50 हजार से अधिक श्रद्धालु इन पवित्र धामों के दर्शन कर चुके हैं। राजनांदगांव रेलवे स्टेशन से रवाना होने वाली यह नौवीं तीर्थयात्री विशेष ट्रेन है। उन्होंने जानकारी दी कि यह ट्रेन पहले वाराणसी पहुंचेगी, जहां श्रद्धालु बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन करेंगे, इसके पश्चात अयोध्या धाम पहुंचकर प्रभु श्री रामलला के दर्शन का लाभ उठाएंगे। उन्होंने सभी यात्रियों को सुखद और मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
श्रद्धालुओं के लिए हर्ष और गौरव का पल: महापौर मधुसूदन यादव
महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि राज्य सरकार बुजुर्गों और श्रद्धालुओं की धार्मिक आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राजनांदगांव से नौवीं बार विशेष ट्रेन का रवाना होना क्षेत्र के लिए अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है। उन्होंने भी सभी तीर्थयात्रियों की सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की कामना की।
ये रहे प्रमुख रूप से मौजूद
इस ऐतिहासिक अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष सचिन बघेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा चंद्राकर, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती देव कुमारी, पूर्व सांसद प्रदीप गांधी, खूबचंद पारख, कोमल सिंह राजपूत, संतोष अग्रवाल, रमेश पटेल, सुरेश एच लाल, जिला पंचायत सीईओ दुर्गा प्रसाद अधिकारी, अपर कलेक्टर प्रेम प्रकाश शर्मा, एसडीएम गौतम चंद पाटिल, उप संचालक समाज कल्याण श्रीमती वैशाली सहित तमाम जनप्रतिनिधि, रेलवे के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



