छत्तीसगढ़ की नारायणपुर जिला पुलिस ने दबिश देकर एक नक्सली जनमिलिशिया सदस्य को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। बस्तर आईजी विवेकानंद सिन्हा ने बताया कि छोटेडोंगर थाना क्षेत्र तुसवाल से जिला पुलिस बल एवं 45वीं वाहिनी आइटीबीपी की संयुक्त पार्टी सर्चिंग पर निकली थी। मुखबिर की सूचना पर अंदो पदामी को घेराबंदी कर पकड़ा गया। अंदो पदामी पिछले कई साल से तोड़मा मिलिशिया सदस्य के रूप में सक्रिय रहा है। आरोपी पर पुलिस जवानों को एंबुश लगाकर मारने का प्रयास का मामला दर्ज है। अंदो पिछले कई साल से नक्सली संगठन में जुड़कर सक्रियता पूर्वक कार्य कर रहा था। इसका मुख्य काम था नक्सली बेनर-पोस्टर लगाना, गांव के लोगों को नक्सली संगठन से जोडक़र रखना, माओवादी लीडरों के गांव में आने से उनके भोजन की व्यवस्था करना, माओवादियों द्वारा आयोजित मीटिंग में गांव वालों को बुलवाना, माओवादियों की संतरी ड्यूटी करना एवं पुलिस की रेकी करना था।