मोहला। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों की अनदेखी पर कलेक्टर तनुजा सलाम ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने गोटाटोला, रेंगाकठेरा, आलकन्हर, माडिंगपिडिंग और मोहला स्थित धान उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। माडिंगपिडिंग केंद्र में खराब गुणवत्ता के बारदानों में धान खरीदी होते मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और संबंधित समिति प्रबंधक को तत्काल हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने धान खरीदी की व्यवस्था, बारदानों की गुणवत्ता, तौल प्रक्रिया और किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। रेंगाकठेरा और आलकन्हर उपार्जन केंद्रों में दुर्ग के मिलर्स से प्राप्त बारदानों की गुणवत्ता की जांच की गई। जांच में बारदाने निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। इस पर दोनों समितियों से कुल 40 हजार खराब बारदाने संबंधित मिलर्स को वापस करवाए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि धान खरीदी में केवल अच्छी गुणवत्ता के बारदानों का ही उपयोग किया जाए।
*कम-ज्यादा वजन मिलने पर समितियों को नोटिस*
कलेक्टर ने सभी निरीक्षण किए गए केंद्रों में धान की बोरियों का वजन भी जांचा। इस दौरान कुछ बोरियों में निर्धारित मानक से कम और कुछ में अधिक वजन पाया गया। उन्होंने संबंधित समितियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान की तौल निर्धारित मापदंडों के अनुसार होनी चाहिए, ताकि किसानों को नुकसान या असुविधा न हो और खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।
कलेक्टर सलाम ने अधिकारियों को जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों का सघन निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बारदानों की गुणवत्ता, तौल व्यवस्था और खरीदी से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि धान खरीदी में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान खाद्य विभाग, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, जिला विपणन अधिकारी और संबंधित तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।



