Home छत्तीसगढ़ धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर रिपोर्ट दें नोडल अधिकारी : कलेक्टर

धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर रिपोर्ट दें नोडल अधिकारी : कलेक्टर

1
0

खैरागढ़। धान खरीदी केंद्रों में व्यवस्था सुचारू रखने और किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए नोडल अधिकारी अपने-अपने आवंटित उपार्जन केंद्रों का नियमित निरीक्षण करें। निरीक्षण के बाद रिपोर्ट कार्यालय में प्रस्तुत करें। यह निर्देश कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में दिए।

कलेक्टर ने कहा कि निरीक्षण के दौरान अधिकारी किसानों से सीधे बातचीत करें और टोकन जारी होने से लेकर धान की तौल तक आने वाली समस्याओं की जानकारी लें। किसी भी स्तर पर परेशानी सामने आने पर संबंधित विभाग के साथ समन्वय कर उसका समय पर निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने सहकारिता, खाद्य और विपणन विभाग के अधिकारियों को खरीदी केंद्रों में पर्याप्त बारदाने की उपलब्धता बनाए रखने तथा टोकन जारी करने और धान तौलने की प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतने के निर्देश दिए।

उन्होंने केंद्रों में किसानों के लिए पेयजल, छाया और बैठने की व्यवस्था का जायजा लेने के साथ खरीदे गए धान के सुरक्षित भंडारण की नियमित निगरानी करने को कहा। कस्टम मिलिंग की समीक्षा करते हुए जिला विपणन अधिकारी और जिला खाद्य अधिकारी को राइस मिलों से चावल जमा कराने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।

*लंबित शिकायतों का समय-सीमा में करें निराकरण*

बैठक में सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों से शिकायतों के लंबित रहने के कारणों की जानकारी ली और सभी प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने को कहा।

नियाद नेल्लानार 2.0 पोर्टल की समीक्षा के दौरान उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को शासन की प्रमुख योजनाओं और उनसे लाभान्वित हितग्राहियों का अद्यतन विवरण पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने योजनावार जानकारी का मिलान कर शेष प्रविष्टियां जल्द पूरी करने और पोर्टल पर शत-प्रतिशत एंट्री सुनिश्चित करने को कहा।

कलेक्टर ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर, एसडीएम अविनाश ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।