Home News बस्तर में की सरपंची, ओडिशा में लड़ेंगे विधायक का चुनाव

बस्तर में की सरपंची, ओडिशा में लड़ेंगे विधायक का चुनाव

15
0

लौह नगरी के रूप में स्थापित हो रहे नगरनार के समीप ओडिशा सीमा से सटे ग्राम पंचायत धनपुंजी के पांच साल तक सरपंच और बस्तर जिला भाजपा में लंबे समय तक सक्रिय रहे खगेश पुजारी ओडिशा की कोटपाड़ विधानसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी होंगे। भाजपा ने उन्हें कोटपाड़ सीट से पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया है। खगेश सोमवार को जैपुर जाकर नामांकन दाखिल करेंगे। खगेश पिछले कार्यकाल में सरपंच थे और वर्तमान की मां श्रीमती कमलावती पुजारी धनपुंजी की सरपंच हैं। बस्तर में सरपंची करके ओडिशा में विधानसभा का चुनाव लड़ने का यह पहला मामला है। नईदुनिया से चर्चा में खगेश ने बताया कि उनका ननिहाल धनपुंजी में है। मां कमलावती की शादी ओडिशा के कोटपाड़ में हुई थी। जब वह पांच साल के थे पिता का असामायिक निधन हो गया और वह मां के साथ नाना-नानी के घर धनपुंजी आ गए। यहीं बस्तर में धनपुंजी में स्कूली शिक्षा पाई और नगरनार से हायरसेकेंडरी तक की पढ़ाई कर वह भाजपा से जुड़ गए। बस्तर जिला भाजपा अजजा मोर्चा के वह जिला उपाध्यक्ष के पद पर काम कर चुके हैं। इस बीच उन्होंने ग्राम पंचायत धनपुंजी में सरपंच का चुनाव लड़ा और जीते। अब मां यहीं से सरपंच है। तीन साल पहले खगेश अपने पिता के गांव कोटपाड़ ओडिशा चले गए और वहां मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराया और पार्टी संगठन के लिए काम करते अपनी पहचान स्थापित कर ली। जिसका उन्हें फायदा मिला और भाजपा की टिकट पर वह कोटपाड़ से चुनाव मैदान में उतरने जा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here