खरियार रोड, जगदलपुर । ओडिशा के नुआपाड़ा जिले के बोडेन ब्लॉक के ग्राम कुलिंगामाल स्थित सेवा आश्रम विद्यालय में अध्ययनरत 26 छात्राएं गुरुवार को फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गईं। सुबह करीब नौ बजे छात्राओं को नाश्ता में पोहा परोसा गया था। नाश्ता करने के एक दो घंटे बाद कुछ छात्राओं को पेट दर्द चक्कर और उल्टी होने लगी। दोपहर 12 बजे तक बीमार छात्राओं की संख्या 26 तक पहुंच गई।
मामले की खबर लगते ही शिक्षकों ने तत्काल सिनापाली स्थित स्वास्थ्य केंद्र पर सभी छात्राओं का उपचार कराया। बताया जा रहा है कि नाश्ता विषाक्त कैसे हुआ। इसकी जांच के बाद ही पता चल पाएगा। वहीं सेवा आश्रम में उपस्थित शिक्षक इसे मानने से इनकार करते हुए दूषित पेयजल का उपयोग करने के कारण छात्राओं के बीमार होने की बात कह रहे हैं।
इस मामले को लेकर कुलिंगामाल सेवा आश्रम के प्रधान शिक्षक ज्योति चरण नाग ने बताया कि सेवा आश्रम में स्थित बोरिंग से फ्लोराइड युक्त पानी निकलता है। यही पानी का उपयोग आश्रम में रहने वाली छात्राएं व अन्य लोग करते हैं। नाग ने बताया कि जिला शिक्षा विभाग को पेयजल की समस्या से अवगत कराया जा चुका है।
इस मामले पर सूचना पर सिनापाली स्वास्थ्य केंद्र से डॉक्टर समीर होता के नेतृत्व में एक टीम सेवा आश्रम में पहुंचे। छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य का परीक्षण कर छात्रों को दिए जाने वाले भोजन और पानी का नमूना संग्रह किया है। इस मामले में डॉक्टर होता ने बताया कि का उपचार चल रहा है। उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार आया है।