बागेश्वर धाम में भव्य विवाह महोत्सव
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम में एक भव्य धार्मिक और सामाजिक उत्सव की तैयारियाँ पूरी हो चुकी हैं। इस वर्ष, धाम के पीठाधीश पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के नेतृत्व में 300 गरीब और बेसहारा बेटियों का सामूहिक विवाह आयोजित किया जा रहा है।
यह आयोजन बागेश्वर धाम का सातवां कन्या विवाह महा महोत्सव है। विशेष बात यह है कि इस समारोह का पूरा खर्च मंदिर के दानपात्र से प्राप्त राशि से उठाया जाता है। पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने बताया कि इस साल का उत्सव केवल एक राष्ट्रीय आयोजन नहीं, बल्कि एक अंतरराष्ट्रीय इवेंट बन गया है। इस शुभ अवसर पर दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद देने के लिए 9 देशों के राजदूत भी शामिल होंगे।
इस अवसर पर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा, ‘आज 300 बेटियों के कन्या विवाह महा महोत्सव का पवित्र मौका है। दानपात्र मंदिर से यह सातवां आयोजन किया जा रहा है। हमें उम्मीद है कि इस भव्य समारोह में 10 से 15 लाख लोग पहुंचेंगे, जिनके लिए प्रशासन और धाम की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं।’



