भारतीय शेयर बाजार ने शुक्रवार को अपने अंतिम कारोबारी सत्र में बड़ी गिरावट का सामना किया। दिन के अंत में, सेंसेक्स 961.42 अंक या 1.17 प्रतिशत की कमी के साथ 81,287.19 पर और निफ्टी 317.90 अंक या 1.25 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,178.65 पर बंद हुआ।
बिकवाली का सबसे अधिक प्रभाव रियल एस्टेट और ऑटो शेयरों पर पड़ा। निफ्टी रियल्टी में 2.26 प्रतिशत और निफ्टी ऑटो में 1.86 प्रतिशत की गिरावट आई। इसके अलावा, निफ्टी एफएमसीजी 1.69 प्रतिशत, निफ्टी मेटल 1.67 प्रतिशत, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज 1.55 प्रतिशत, निफ्टी फार्मा 1.50 प्रतिशत, निफ्टी कंजप्शन 1.48 प्रतिशत और निफ्टी हेल्थकेयर 1.41 प्रतिशत की कमी के साथ बंद हुए।
हालांकि, निफ्टी आईटी में 0.16 प्रतिशत, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 0.17 प्रतिशत और निफ्टी मीडिया में 0.60 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई।
लार्जकैप के साथ-साथ मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी बिकवाली का दबाव रहा। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 682.55 अंक या 1.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ 59,115.60 पर और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 188.75 अंक या 1.10 प्रतिशत की कमी के साथ 16,928.90 पर बंद हुआ।
सेंसेक्स पैक में एचसीएल टेक, ट्रेंट, इन्फोसिस और इटरनल गेनर के रूप में उभरे, जबकि सन फार्मा, भारती एयरटेल, बजाज फिनसर्व, इंडिगो, एमएंडएम, मारुति सुजुकी, अल्ट्राटेक सीमेंट, एचयूएल, कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फाइनेंस, पावर ग्रिड, टाटा स्टील, आईटीसी और एचडीएफसी बैंक लूजर रहे।
भारतीय शेयर बाजार की गिरावट के पीछे कई कारण थे, जिनमें विदेशी निवेशकों द्वारा लगातार बिकवाली (गुरुवार को एफआईआई ने 3,465.99 करोड़ रुपए के शेयर बेचे), ईरान और अमेरिका के बीच कोई समझौता न होना, डॉलर के मुकाबले रुपए की कमजोरी और वैश्विक बाजार से कमजोर संकेत शामिल हैं।
ईरान और अमेरिका के बीच समझौता न होने के कारण कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि देखी जा रही है। खबर लिखे जाने तक, डब्ल्यूटीआई क्रूड 1.63 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 66.25 डॉलर प्रति बैरल और ब्रेंट क्रूड 1.38 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 71.86 डॉलर प्रति बैरल पर था।



