Home छत्तीसगढ़ CG: होली त्यौहार को सौहार्दपूर्ण एवं परम्परा के अनुरूप मनाने हेतु थाना...

CG: होली त्यौहार को सौहार्दपूर्ण एवं परम्परा के अनुरूप मनाने हेतु थाना बसंतपुर में शांति समिति की बैठक आयोजित…

5
0

दिनांक 26.02.2026 को अंकिता शर्मा (पुलिस अधीक्षक, राजनांदगांव) एवं कीर्तन राठौर (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक) के दिशा-निर्देश पर वैशाली जैन (नगर पुलिस अधीक्षक) एवं एमन साहू (थाना प्रभारी, बसंतपुर) द्वारा आगामी होली पर्व के मद्देनजर थाना बसंतपुर परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक एवं थाना प्रभारी की उपस्थिति में पार्षदगण, सर्वसमाज के प्रतिनिधि/पदाधिकारीगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी समाज प्रमुखों ने एकमत होकर होली/धुरेड़ी एवं रमजान का पर्व जिले की वर्षों पुरानी शांति एवं सद्भावना की परंपरा के अनुरूप मनाने का भरोसा शासन एवं प्रशासन को दिलाया।

बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय एवं अपीलें;

1 होली पर्व के दौरान धार्मिक स्थलों, मुख्य चौक-चौराहों पर स्टेटिक प्वाइंट लगाकर लगातार गश्त की जाएगी तथा आवश्यक स्थानों पर एम.सी.पी. लगाकर वाहनों की चेकिंग कर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

2  शराब पीकर वाहन चलाने, मोटरसाइकिल पर तीन सवारी बैठाने एवं सायलेंसर से फटाका जैसी आवाज निकालने वाले चालकों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही कर वाहन जप्त किया जाएगा तथा माननीय न्यायालय में चालान पटाने के पश्चात ही सुपुर्द किया जाएगा।

3  साउंड सिस्टम का उपयोग सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार निर्धारित मानक ध्वनि सीमा में ही किया जाएगा। अत्यधिक ध्वनि वाले साउंड सिस्टम संचालकों के विरुद्ध कोलाहल अधिनियम के तहत कार्यवाही की जाएगी।

4  फाग प्रतियोगिता या अन्य कार्यक्रमों में साउंड सिस्टम हेतु एसडीएम की अनुमति अनिवार्य होगी।

5  जबरन चंदा वसूली न की जाए, किसी को उसकी इच्छा के विरुद्ध रंग न लगाया जाए तथा प्रतिबंधित रंगों का उपयोग न किया जाए।

6  रास्तों में पत्थर या अन्य अवरोधक न रखें।

विद्युत लाइन/खंभों, ट्रांसफार्मर, टेलीफोन खंभों, डामर सड़क या मुख्य मार्ग/चौराहों के मध्य होलिका दहन न किया जाए। होलिका दहन घरों से दूर एवं सुरक्षित स्थान पर किया जाए तथा रात्रि 12:00 बजे तक पूर्ण किया जाए।

7  ईमारती लकड़ी, फलदार एवं हरे वृक्षों की लकड़ी का उपयोग न कर गोबर के कंडों से होलिका दहन करने की अपील की गई।

मंदिरों से निकलने वाली शोभायात्रा में शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को सहयोग प्रदान करने की अपील की गई।

8  मोहारा नदी, ऑक्सीजोन, रानीसागर एवं शहर के विभिन्न तालाबों में सुरक्षा व्यवस्था हेतु गोताखोर उपलब्ध कराने की मांग पर सहमति दी गई।

9  सोशल मीडिया के माध्यम से किसी भी प्रकार का दुष्प्रचारित संदेश प्रसारित न हो, इसके लिए समाज के जिम्मेदार व्यक्तियों से समझाइश देने का आग्रह किया गया।

10  बोर्ड परीक्षाओं को दृष्टिगत रखते हुए ध्वनि प्रदूषण पर विशेष नियंत्रण रखने के निर्देश दिए गए।

11  फायर ब्रिगेड, विद्युत विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा 24 घंटे सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

आपातकालीन संपर्क नंबर –

  • डायल 112
  • पुलिस कंट्रोल रूम – 07744-286622, 9479192199
  • थाना बसंतपुर – 9479192112, 9406207669, 07744-286624

बैठक के अंत में सभी पार्षदों, समाज प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों द्वारा होली त्यौहार को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के साथ मनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया।

–00–