राजनांदगांव। संभागायुक्त एवं रोल ऑब्जर्वर दुर्ग संभाग श्री सत्यनारायण राठौर की उपस्थिति में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में विशेष गहन पुनरीक्षण (अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026) को लेकर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जितेन्द्र यादव भी मौजूद रहे।
संभागायुक्त श्री राठौर ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से नहीं छूटना चाहिए। इसके लिए नियमानुसार सुनवाई एवं सत्यापन की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया कि सुनवाई और सत्यापन (नोटिस चरण) की अवधि 23 दिसंबर 2025 से 14 फरवरी 2026 तक निर्धारित की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना सूचना के किसी भी मतदाता का नाम नहीं काटा जाएगा तथा अपील का भी प्रावधान है। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 21 फरवरी 2026 को किया जाएगा।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जितेन्द्र यादव ने बताया कि मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन 23 दिसंबर 2025 को किया गया था। द्वितीय चरण में ऐसे नागरिक जिनका नाम सूची में छूट गया है, वे सुनवाई के बाद अपना नाम जुड़वा सकते हैं। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग एवं सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार लॉजिकल एरर एवं नो मैपिंग से संबंधित आवेदनों का निराकरण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जिले की चार विधानसभा—74 डोंगरगढ़, 75 राजनांदगांव, 76 डोंगरगांव एवं 77 खुज्जी—के 1075 मतदान केंद्रों में कुल 7 लाख 80 हजार 205 मतदाता दर्ज हैं। दावा-आपत्ति और सुनवाई के लिए जिले में प्रतिदिन लगभग 700 प्रकरणों की सुनवाई की जा रही है। 14 फरवरी 2026 तक सभी को सुनवाई का अवसर दिया जाएगा तथा संवैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए निराकरण किया जाएगा।
कलेक्टर ने बताया कि विवाह के बाद जिले में आए नागरिकों अथवा अन्यत्र स्थानांतरित मतदाताओं को भी अपना नाम अपडेट कराना चाहिए। इसके लिए फॉर्म-6, 6ए, 7 एवं 8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री प्रकाश टंडन ने बताया कि नागरिक बीएलओ के पास उपलब्ध ड्राफ्ट मतदाता सूची, ईसीआई मोबाइल एप एवं voters.eci.gov.in के माध्यम से अपना नाम देख सकते हैं। उन्होंने बताया कि लॉजिकल एरर एवं नो मैपिंग से जुड़े लगभग 78 प्रतिशत आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है, जबकि शेष प्रकरणों की सुनवाई जारी है।
बैठक में खुज्जी विधायक भोलाराम साहू, भाजपा से कोमल सिंह राजपूत, मूलचंद लोधी, दादूराम सोनकर, रघुवीर सिंह वाधवा, अरुण शुक्ला तथा कांग्रेस से विपिन यादव, कमलजीत पिंटू, रूपेश दुबे सहित अन्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



