राजनांदगांव। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में सभी विभागों को अटल मॉनिटरिंग पोर्टल के अंतर्गत विभिन्न मापदंडों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणामों को ध्यान में रखते हुए बच्चों की पढ़ाई पर विशेष फोकस किया जाए और अतिरिक्त कक्षाओं के माध्यम से पढ़ाई की गुणवत्ता की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।
कलेक्टर ने बच्चों के आधार अपडेशन कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि योजनाओं के लाभ से कोई भी विद्यार्थी वंचित न रहे। साथ ही हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं को समय पर उपचार एवं आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को समय पर कार्यालय पहुंचकर बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन, पीजीएन, पीजी पोर्टल एवं समय-सीमा के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि जनमानस की समस्याओं का संवेदनशीलतापूर्वक और शीघ्र निराकरण किया जाए।
कलेक्टर यादव ने सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों के पेंशन प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को ई-ऑफिस का अधिकतम उपयोग करने को कहा, ताकि डिजिटल कार्यप्रणाली से कार्यों में गति आए। उन्होंने विभागों में डेस्क चेंज कर कर्मचारियों के कार्यों में परिवर्तन करने की बात कही।
उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत अधिक से अधिक किसानों को लाभान्वित करने एवं एग्रीस्टेक पोर्टल पर पंजीयन बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा विद्युत विभाग के लंबित प्रकरणों और यूटिलिटी शिफ्टिंग कार्यों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री सुरूचि सिंह ने पो_लईका योजना के तहत पालक चौपाल के नियमित आयोजन और वजन त्यौहार के माध्यम से बच्चों के सुपोषण की मॉनिटरिंग पर जोर दिया। उन्होंने पीएम श्री स्कूलों में अधोसंरचना विकास, परीक्षा परिणामों की समीक्षा एवं स्वीकृत कार्यों को समय पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर वन मंडलाधिकारी आयुष जैन, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर प्रेम प्रकाश शर्मा, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, एसडीएम गौतम पाटिल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अन्य एसडीएम एवं तहसीलदार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।



