राजनांदगांव। आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण में उच्च रैंकिंग प्राप्त करने के लिए नगर निगम ने सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने में कड़ी मेहनत शुरू कर दी है। निगम प्रशासन ने साफ-सफाई के प्रबंध और कचरा उठाने की प्रक्रिया को मजबूत किया है, ताकि सर्वेक्षण में अच्छे अंक मिल सकें।
आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा के नेतृत्व में स्वास्थ्य अमला शहर की सफाई पर विशेष ध्यान दे रहा है। वे नियमित रूप से सफाई निरीक्षण कर कर्मचारियों को साफ-सफाई में सुधार करने के निर्देश दे रहे हैं। साथ ही, नागरिकों से फीडबैक लिया जा रहा है, ताकि उनकी समस्याओं का समाधान तुरंत किया जा सके।
महापौर श्री मधुसूदन यादव और अन्य पार्षदों द्वारा समय-समय पर सफाई का निरीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण सफाई सुनिश्चित की जा रही है। नागरिकों से स्वच्छता अपनाने की अपील की जा रही है और उन्हें इस अभियान में भागीदार बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
सार्वजनिक शौचालयों की मरम्मत, मच्छर उन्मूलन के लिए दवाई का छिड़काव, और तालाबों के आसपास की सफाई जैसे कदम उठाए गए हैं। नालों में जाली लगाकर कचरे को रोका जा रहा है, ताकि सफाई में और सुधार हो सके।
आयुक्त श्री विश्वकर्मा ने बताया कि अमृत मिशन 2.0 के तहत सिवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके अलावा लिगेसी वेस्ट के निपटान का काम भी पूरा किया गया है। भवन निर्माण करने वालों को मलमा सड़क में न रखने और ग्रीन नेट लगाने की सलाह दी जा रही है, ताकि सफाई में कोई कमी न हो।
नगर निगम ने सिंगल यूज प्लास्टिक को प्रतिबंधित करने के लिए जागरूकता अभियान भी शुरू किया है और इसके उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
आयुक्त ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे स्वच्छता में सहभागी बनें और अपने घर एवं आसपास के इलाके को स्वच्छ बनाए रखें।



