राजनांदगांव। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा द्वारा थाना कोतवाली, चौकी चिखली और चौकी सुरगी के प्रभारी अधिकारियों की क्राइम मीटिंग का आयोजन किया गया। यह बैठक पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में हुई, जिसमें जिले भर के अपराधों की समीक्षा और कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया गया।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने यातायात व्यवस्था, आबकारी एक्ट, और नारकोटिक्स एक्ट के तहत अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने खास तौर पर गुंडा-बदमाशों, निगरानी बदमाशों, और समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई और उनकी सतत निगरानी पर बल दिया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा, “हमारी प्राथमिकता क्षेत्र में अपराधों की रोकथाम होनी चाहिए। इसके लिए हमें सक्रिय पुलिसिंग, जनसुनवाई में संवेदनशीलता और अपराधों के शीघ्र निराकरण पर विशेष ध्यान देना होगा।”
उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय उपस्थिति बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा, उन्होंने जनसुनवाई में लोगों से जुड़ने और उनकी समस्याओं का समाधान करने की भी बात की।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन, नगर पुलिस अधीक्षक श्री अलेक्जेंडर कीरो, प्रशिक्षु आईपीएस श्री आदित्य कुमार, प्रशिक्षु डीएसपी श्रीमती सुमन जायसवाल, थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम, चौकी चिखली प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चंद मरई, और चौकी सुरगी प्रभारी निरीक्षक ढाल सिंह साहू भी उपस्थित रहे।



