Home छत्तीसगढ़ RAJNANDGAON पुलिस महानिरीक्षक बालाजी राव का मोहला-मानपुर क्षेत्र में सामुदायिक पुलिसिंग अभियान

पुलिस महानिरीक्षक बालाजी राव का मोहला-मानपुर क्षेत्र में सामुदायिक पुलिसिंग अभियान

1
0

राजनांदगांव। पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज, श्री बालाजी राव सोमावार (भा.पु.से.) का 3 फरवरी 2026 को जिला मोहला मानपुर के घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र ग्राम मुचर में आगमन हुआ। इस दौरान उन्होंने सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों से संवाद किया और उन्हें विभिन्न प्रकार की सहायता प्रदान की।

कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक ने ग्रामीणों को सार्वजनिक कार्यक्रमों में उपयोग के लिए भोजन परोसने हेतु बर्तनों का सेट भेंट किया। इसके अलावा, नक्सल प्रभावित क्षेत्र के बच्चों को खेल सामग्री वितरित की गई।

इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक ने ग्रामीणों को राज्य सरकार की नक्सल आत्मसमर्पण नीति के बारे में जानकारी दी और उन्हें बताया कि आत्मसमर्पण किसी भी आईटीबीपी कैंप, पुलिस थाने या राजनांदगांव स्थित आईजी कार्यालय में किया जा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से कहा, “अगर गांव में किसी प्रकार की समस्या हो, तो नजदीकी सुरक्षा कैंप में तैनात अधिकारियों से बिना डर के संपर्क करें। पुलिस हमेशा आपकी मदद के लिए तत्पर है। पुलिस आपकी दोस्त है।”

पुलिस विभाग ने बच्चों के बीच पहुंचकर उन्हें खेल सामग्री दी और इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह (भा.पु.से.) ने कहा कि खेल से शारीरिक और मानसिक विकास होता है, इसलिये बच्चों को खेलों में भी भाग लेना चाहिए।

कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक श्री भुनेश्वर कश्यप, मदनवाड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक श्री खोमन भंडारी, जनपद सदस्य चंदा मांडवी (सीतागांव), सरपंच महेश्वरी धुर्वे (महका), ग्राम पटेल राम सिंह कुमेटी (मुचर), ग्राम पटेल पवन उसारे (कारेकट्टा), और ग्राम पटेल मानुराम कुमेटी (रेतेगांव) भी उपस्थित रहे।

ग्रामीणों ने पुलिस विभाग के इस मानवीय प्रयास की सराहना की, जिससे पुलिस और जनता के बीच विश्वास और सहयोग का वातावरण बढ़ा है।