मोहला। जिले में चल रही धान खरीदी प्रक्रिया के बीच कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने जिला कार्यालय के वीसी कक्ष में संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में खाद्य, सहकारिता, विपणन, मार्कफेड सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने धान खरीदी की स्थिति, उपार्जन केंद्रों में की गई व्यवस्थाओं और धान उठाव की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने उपार्जन केंद्रों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने, समय पर भुगतान और गुणवत्तायुक्त धान खरीदी के निर्देश दिए। उन्होंने धान उठाव, भौतिक सत्यापन, पंजीयन की स्थिति, उड़नदस्ता की कार्रवाई, रकबा समर्पण और अवैध धान परिवहन की समीक्षा की। धान उठाव की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने इसमें तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी धान खरीदी केंद्र में धान के जमाव की स्थिति नहीं बननी चाहिए। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का सख्ती से पालन करने और प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही उपार्जन केंद्रों के निरीक्षण हेतु नियुक्त अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने को कहा गया।
बड़े किसानों पर रहेगी नजर
कलेक्टर ने धान खरीदी और रकबा समर्पण की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि एक से दो टोकन के माध्यम से धान विक्रय करने वाले बड़े किसानों की समिति एवं ग्रामवार सूची तैयार कर उन्हें चिन्हित किया जाए, ताकि अवैध तरीके से धान विक्रय पर रोक लगाई जा सके। इसके साथ ही छोटे किसानों की सूची तैयार कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर धान विक्रय में सहयोग देने के निर्देश दिए गए, जिससे रकबा समर्पण की प्रक्रिया में तेजी आए।
अवैध भंडारण पर सख्ती
बैठक में कलेक्टर ने अवैध धान भंडारण एवं परिवहन के मामलों में जारी निर्देशों के अनुसार लगातार कार्रवाई करने और प्रकरण दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को धान खरीदी प्रक्रिया की प्रतिदिन मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप किसानों को समय पर और पारदर्शी तरीके से लाभ मिलना चाहिए।



