Home News अमित होंगे जगदलपुर विधानसभा से जोगी कांग्रेस के दावेदार

अमित होंगे जगदलपुर विधानसभा से जोगी कांग्रेस के दावेदार

31
0

जोगी कांग्रेस ने अब अपनी चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी कड़ी में हाईकमान के आदेश पर पांचवी सूची जारी की गई। इसमें जगदलपुर विधानसभा की बहुप्रतिक्षित सीट के लिए दावेदार का खुलासा किया गया है। जगदलपुर की सीट पर अमीत पांडेय के नाम पर मुहर लगा दी गई है। मालूम हो कि जगदलपुर से चुनाव लडऩे के लिए जोगी कांग्रेस में कई दावेदार थे। पार्टी के रीति नीति और व्यक्तिगत महत्वाकांक्षी के चलते ऐसे दावेदारों की लड़ाई खुलकर सामने आई थी। ऐसे में पार्टी में यूथ विंग हो या फिर वरिष्ठ विंग अराजगता की स्थिति थी।

इस बीच मामले को शांत करवाने और दावेदारी से पहले जोगी कांग्रेस की एक टीम को खड़ा करने के लिए मरवाही विधायक अमीत जोगी को भी हस्तक्षेप करना पड़ा। आलम यह हुआ कि पार्टी ने अल्प काल में अपने अध्यक्षों की फेहरिस्त लम्बी कर दी। मालूम हो कि जोगी कांग्रेस का दामन सबसे पहले कांग्रेस के उपनेता प्रतिपक्ष कवासी लखमा के पुत्र हरिश कवासी ने थामा था। लोकसभा के प्रभारी के तौर पर जोगी कांग्रेस को बस्तर में स्थापित करने वाले हरिश कवासी ने जब पाया कि पार्टी में अंर्तकलह बढ़ रही है तो उन्होंने घर वापसी का फैसला किया और अपने बयान में कहा कि जोगी कांग्रेस में जाना उनके जीवन की सबसे बड़ी भूल थी। मामला यहीं शांत नहीं हुआ इसके बाद भी जोगी कांग्रेस विभाजित रही जो साफ देखने में आती रही।

कुछ समय के बाद यह हुआ कि वरिष्ठ कांग्रेसी और पार्टी सुप्रीमो अजीत जोगी के करीबी माने जाने वाले कुंडल राव को बस्तर की पूरी कमान और हर स्तर पर विवादों को निपटाने का अधिकार दिया गया। इसके बाद से स्थितियां काफी नियंत्रण में देखी गई। वैसे तो जोगी कांग्रेस में कई ऐसे नेता थे जो विधानसभा लडऩे के इच्छुक थे इनमें से छह ऐसे नाम थे जो दौड़ में चल रहे थे। इसमें संतोष यादव, पुलक भट्टाचार्य, अमीत तिवारी ,विजय श्रीवास्तव, नरेन्द्र भवानी और गौरीकांत मिश्रा के नाम प्रमुख थे। सभी अपने स्तर पर जोर अजमा रहे थे। लेकिन पार्टी ने अमित पांडे को उपयुक्त प्रत्याशी माना और अन्य दावेदारों को भी जिम्मेदारियां परोसी। चुनाव जैसे जैसे पास आ रहा है अब सभी पार्टियां अपने प्रत्याशियों की घोषणा करती दिख रही हैं। ऐसे में आप के रोहित आर्य, जोगी कांग्रेस से अमित पांडे के बाद अब सभी की नजर भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों पर है।

एक तरफ भाजपा से दो बार के विधायक संतोष बाफना के नाम पर पार्टी ने मुहर लगा ही दी है औपचारिक घोषणा शेष है लेकिन कांग्रेस में अभी भी खींचतान जारी है। हालांकि राजनीतिक गलियारों में चर्चा का बाजार गर्म है । कांग्रेस में जगदलपुर सीट के पार्टी के सर्वे के अनुसार एक दर्जन दावेदार हैं। इन्हें किसी तरह जिम्मेदारियों के साथ अलग किया जा रहा है। अभी भी कांग्रेस के प्रत्याशी को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।

कहीं एआईसीसी सदस्य होने के नाते पूर्व कांगे्रस के प्रत्याशी शामू कश्यप खुद को प्रत्याशी के तौर पर देख रहे हैं तो कहीं नए चेहरे अवसर की तलाश में हैं, मलकीत सिंह गैदू, ओंकार कारी, मनोहर लूनिया, टीव्ही रवि के साथ रेखचंद जैन पर भी कांग्रेस दांव खेल सकती है। यही नहीं महापौर जतीन जायसवाल और पूर्व शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भले ही खुद को दावेदारी से बाहर बताते हैं लेकिन जिस तरह से उन्होंने निगम का चुनाव जीता था कांग्रेस के लिए वर्तमान में वे भी दौड़ में पहली पसंद हो सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here