इटानागर। 18वें राष्ट्रीय मछली किसान दिवस के अवसर पर अरुणाचल प्रदेश के चांग्लांग जिले के दीयुन सर्कल के तहत इनाओ खम्प्ती गांव के चौमहा मुगलांग को मत्स्य पालन कॉलेज (केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय) इंफाल के तहत राज्य से ‘सर्वश्रेष्ठ मछली किसान’ के रूप में सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार बीते मंगलवार को घोषित किया गया। मुगलांग चांग्लांग जिले के प्रमुख प्रगतिशील मछली किसानों में से एक हैं।
उन्होंने 1994 में 0.1 हेक्टेयर के एक छोटे से तालाब में मछली पालन के रूप में अपना उद्यम शुरू किया था। वर्तमान में उन्होंने 1.5 हेक्टेयर में तालाब स्थापित किया है और प्रति वर्ष 2,400 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर मछली का उत्पादन करते हुए भारतीय और विदेशी स्तर पर व्यापक मछली खेती कर राज्य का नाम रौशन कर रहे हैं। इसके अलावा वे सालाना 10 लाख मछली बीज का उत्पादन भी कर रहे हैं|
इससे उन्हें सालाना 8 लाख रुपये का शुद्ध लाभ मिल रहा है। मत्स्यपालन विभाग ने इसे चालू वित्तीय वर्ष 2018-19 के दौरान संस्थान द्वारा ‘सर्वश्रेष्ठ मछली किसान’ पुरस्कार के लिए उनका नाम अनुशंसित और नामित किया।