भिलाई नगर निगम ने BSP (भिलाई स्टील प्लांट) प्रबंधन को सॉलिड वेस्ट मैनेटमेंट और दूषित पानी को ठीक करने के लिए दोबारा से पत्र भेजा है। जिसमें निराकरण नहीं किए जाने की स्थिति में वैधानिक कार्रवाई करने को कहा गया है। प्लांट की ओर से निगम क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन का काम किया जा रहा है।
16 अगस्त 2021 को BSP और निगम ने निरीक्षण किया था। इस दौरान टाउनशिप क्षेत्र में कचरा और अलग-अलग जगहों में बेतरतीब तरीके से गंदगी, प्लास्टिक की सफाई करने के संबंध में प्रबंधन को निगम ने व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए पत्र भेजा था। इसके अलावा गंदे पानी के बेहतर तरीके से साफ करने पर जोर दिया गया था।
निगम करेगा कानूनी कार्रवाई
नालों की जलकुंभी की सफाई के लिए BSP प्रबंधन को पत्र जारी किया गया। सॉलिड वेस्ट मैंनेजमेट और दूषित पानी को लेकर निगम ने नोटिस जारी करते हुए कहा है कि इन मामलों में तुरंत कार्रवाई की जाए। जिससे कहीं भी महामारी जैसी स्थिति पैदा न हो। साथ ही निराकरण नहीं होने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गंदे पानी की आपूर्ति जारी
टाउनशिप की डेढ़ लाख आबादी पिछले चार महीने से अधिक समय से गंदे पानी की समस्या से परेशान है। प्रबंधन स्थाई रूप से इसका निराकरण नहीं कर पा रहा है। जिसके कारण लोगों के स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ने की संभावना बनी हुई है। क्षेत्र के सेक्टर- 1,4,5,7 और 8 में अभी तक 8 डेंगू के मरीज मिल चुके है। जिसे देखते हुए निगम ने प्रबंधन के इस कृत्य को एक्ट 1987 यथा संशोधित 2020 एक्ट के विपरीत माना है।