Home News कोरिया SP को अंतरराष्ट्रीय सम्मान, भारत से UP के IPS अमित कुमार...

कोरिया SP को अंतरराष्ट्रीय सम्मान, भारत से UP के IPS अमित कुमार भी शामिल; 6 देशों के 40 अफसर होंगे पुरस्कृत

55
0

बेहतर पुलिसिंग के लिए छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के SP संतोष सिंह का चयन ‘IACP अवॉर्ड 2021’ के लिए किया गया है। यह सम्मान अमेरिका की अंतरराष्ट्रीय संस्था इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ चीफ्स ऑफ पुलिस की ओर से दिया जाता है। इस बार इस सम्मान के लिए 6 देशों के 40 पुलिस अफसरों को चयन किया गया है। इसमें भारत से दो IPS अफसर संतोष सिंह और उत्तर प्रदेश कैडर के IPS अमित कुमार का नाम शामिल है।

कोरिया SP संतोष सिंह का चयन ‘अंडर-40’ कैटेगरी में किया गया है। यह विश्व के 40 साल से कम आयु के ऐसे पुलिस अफसर हैं, जिन्होंने बेहतर नेतृत्व क्षमता के साथ पुलिसिंग में नए प्रयोगों और अच्छे कार्यों से परिवर्तन लाने का प्रयास किया है। इस अंतरराष्ट्रीय संगठन में दुनिया भर के लिए 165 देशों के पुलिस अफसर शामिल हैं। IPS सिंह को पिछले आठ वर्षों में पुलिस की छवि सुधारने में किए गए कार्यों पर अवॉर्ड दिया जा रहा है।

और भी उपलब्धियां दर्ज हैं IPS संतोष सिंह के नाम
IPS संतोष सिंह के नाम प्रदेश में कार्य करने के दौरान तमाम उपलब्धियां दर्ज हैं। उन्होंने बस्तर पोस्टिंग के दौरान नक्सल प्रभावित क्षेत्र में बेहतर काम किया। वहीं महासमुंद SP रहने के दौरान बाल हितैषी पुलिसिंग को मजबूत करते हुए करीब एक लाख बच्चों को सेल्फ-डिफेंस की ट्रेनिंग दिलवाई। जो कि वर्ल्ड रिकॉर्ड है। इन कार्यों के लिए उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने दिसंबर 2018 में ‘चैंपियंस ऑफ चेंज’ का अवॉर्ड दिया।

  • रायगढ़ पोस्टिंग के दौरान क्राइम कंट्रोल के साथ कोविड में प्रशंसनीय कार्य किया। पुलिस हेल्प-डेस्क के जरिए जरूरतमंदों को कोविड के प्रथम चरण में करीब एक लाख और दूसरे चरण में 40 हजार सूखा राशन व फूड पैकेट्स उपलब्ध कराए गए।
  • रायगढ़ पुलिस ने जनसहयोग से मास्क-जागरूकता के लिए चर्चित अभियान ‘एक रक्षा-सूत्र मास्क का’ चलाया। इसके तहत पिछले वर्ष रक्षाबंधन के दिन 12.37 लाख मास्क बंटवाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया। जो गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड, एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड व इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज हुआ।
  • कोरिया में निजात अभियान के तहत नारकोटिक्स व ड्रग्स के विरुद्ध कार्रवाई व जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

अमेरिका के टेक्सास में होगा पुरस्कार समारोह का आयोजन
इस अवॉर्ड में भारत सहित USA, UAE, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और कोरिया के 40 पुलिस अफसरों को चुना गया है। हर साल अवॉर्ड्स सितंबर माह में वार्षिक समारोह में घोषित किया जाता है। अगले साल अक्टूबर 2022 में एक समारोह में अफसरों को टेक्सास, अमेरिका में यह अवॉर्ड प्रदान किया जाएगा। इससे पहले छत्तीसगढ़ से EOW DIG आरिफ शेख को यह अवॉर्ड मिल चुका है।