छुरिया। महिला एवं बाल विकास परियोजना छुरिया द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान पोषण जागरूकता, पौधारोपण, व्यंजन प्रदर्शनी, नेवता भोज और खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन कर ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण रविंद्र वैष्णव, सरपंच तुलाराम साहू, बीरम बाई मंडावी, संतोषी कंवर, रविंद्र वैष्णव, सरपंच अजौध राम कुमलेस्वर, हेमंत साहू, संतराम चंद्रवंशी, राधेलाल चंद्रवंशी, ईश्वरी बाई, सचिव भक्त प्रहलाद, ग्राम मुखिया देश साही हिचमे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
घर-घर मुनगा रोपने का दिया गया संदेश
कार्यक्रम के दौरान ‘संवाद पोषण चर्चा’ का आयोजन कर ग्रामीणों को स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक किया गया। “हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा” अभियान के तहत मुनगा (सहजन) और अन्य औषधीय पौधों के उपयोग व फायदों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण भी किया गया।
योजनाओं की दी गई जानकारी, प्रतियोगिता में झलका उत्साह
परियोजना अधिकारी श्रीमती कमलावती मरकाम एवं पर्यवेक्षकों ने जनसमुदाय को केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं जैसे आयुष्मान भारत योजना, बालिका समृद्धि योजना, नोनी सुरक्षा योजना तथा पोषण आहार योजना की विस्तार से जानकारी दी।
इस दौरान आलीवारा, तेंदुटोला, भरीटोला गेरूघाट, घोघरे, हालेकोसा और मरकाकसा के आंगनवाड़ी केंद्रों में विशेष आयोजन हुए। महिलाओं और बच्चों के लिए मेहंदी प्रतियोगिता तथा कुर्सी दौड़ जैसे खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय ग्रामीणों, मितानिनों, महिला समूहों, गर्भवती माताओं एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।



