जबलपुर में डेंटल डॉक्टर से अनोखे अंदाज में ठगी हो गई। ये खबर दूसरे डॉक्टरों को अलर्ट करने वाली है। फौजी बनकर जालसाज ने डॉक्टर को कॉल किया था। अधारताल में पिता को रहना बता कर डॉक्टर को एडवांस पेमेंट के लिए लिंक भेजा। इस पर क्लिक करते ही 10 हजार रुपए कट गए। डॉक्टर ने गूगल पर कस्टमर केयर का नंबर सर्च कर शिकायत करनी चाही, तो दूसरे ठग ने एनीडेस्क एप डाउनलोड कराकर 60 हजार रुपए और निकाल लिए। ठगी के इस डबल डोज की साइबर सेल जांच कर रही है।
अधारताल सुहागी निवासी अभिषेक ठाकुर डेंटिस्ट है। 5 दिन पहले उनके मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉलर ने आर्मी मैन के रूप में परिचय दिया। बोला- वह भी अधारताल में रहता है। उसके पिता को दांतों मे तकलीफ है। वहीं, दांत भी लगाने थे। डॉक्टर ने 10 हजार रुपए का खर्च बताया था। दो-तीन बार उसने और कॉल कर बात की। रविवार, 29 अगस्त को सुबह 8 बजे उनके पास फिर कॉल आया।
पेमेंट के लिए लिंक भेजा
आरोपी ने डॉक्टर अभिषेक से कहा, वह एडवांस पैसे जमा करना चाहता है, जिससे पिता को परेशान न होना पड़े। फिर उसने गूगल-पे की लिंक भेजी। लिंक में 9999 रुपए का भुगतान दर्शा रहा था। डॉक्टर अभिषेक ने इसे लेकर जालसाज से पूछा भी, इस लिंक से तो उसके पैसे कटने का मैसेज है, पर जालसाज ने झांसे में फंसाते हुए कहा कि नहीं ऐसा दिख रहा है। पैसा उसके खाते से कटेगा।
डॉक्टर के खाते में नहीं था बैलेंस
जालसाज ने पैसे काटना चाहा, लेकिन डॉक्टर के खाते में उतनी रकम ही नहीं थी। इस कारण ट्रांजेक्शन नहीं हुआ। जालसाज ने फिर कॉल किया। बोला- कोई दूसरा नंबर बताइए। इससे ट्रांजेक्शन नहीं हो रहा है।
झांसे में फंस चुके डॉक्टर ने पिता का नंबर दिया। इस पर भेजे गए लिंक को जैसे ही डॉक्टर ने एक्सेप्ट किया। उनके पिता के खाते से 10 हजार रुपए कट गए। डॉक्टर समझ गए कि उनके साथ धोखा हो गया। आगे उन्होंने ट्रांजेक्शन रोक दिए।