मरवाही विधानसभा उपचुनाव की अधिसूचना जारी होते ही उठापटक का दौर भी शुरू हो गया है। राजनीतिक बयानबाजी के बीच नेताओं के दल बदलने का सिलसिला जारी है। इस बार भाजपा को बड़ा झटका लगा है। पेंड्रा नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जलान ने कांग्रेस का हाथ थाम लिया है। उनके साथ दो पार्षदों ने भी कांग्रेस ज्वाइन कर ली है।
दरअसल, निकाय चुनाव के दौरान राकेश जलान कांग्रेस से चुनाव के लिए दावेदारी कर रहे थे, लेकिन पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया। इस पर राकेश निर्दलीय चुनाव लड़े और जीतकर पार्षद बने। इसके बाद भाजपा ने उन्हें पार्टी में शामिल करते हुए पेंड्रा नगर पंचायत अध्यक्ष बनाया। अब एक बार फिर कांग्रेस में जाने से भाजपा को झटका लगा है।
एक निर्दलीय और एक भाजपा पार्षद ने भी ज्वाइन की कांग्रेस
पंचायत अध्यक्ष के साथ ही दो पार्षदों ने भी कांग्रेस का हाथ थाम लिया है। इसमें पारस चौधरी और प्रेमवती शामिल हैं। पारस चौधरी निर्दलीय पार्षद हैं, जबकि प्रेमवती भाजपा छोड़कर आई हैं। सभी नेताओं को पेंड्रा-गौरेला-मरवाही के प्रभारी मंत्री जयसिंह अग्रवाल के सामने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कराई गई।
एक दिन पहले जोगी कांग्रेस के तीन नेता हुए थे कांग्रेस में शामिल
चुनाव से पहले सबसे ज्यादा झटका जोगी कांग्रेस को ही लग रहा है। एक के बाद एक नेता पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। एक दिन पहले ही शुक्रवार को शिव नारायण तिवारी, समीर अहमद और पंकज तिवारी ने कांग्रेस की सदस्यता ले ली है। तीनों ही नेता जोगी परिवार के काफी करीब थे। वहीं अमित जोगी ने तीनों नेताओं को बधाई दी है।