गिरिडीह. गावां थाना क्षेत्र स्थित बंगालीबारा गांव के पास बुधवार सुबह एक कुएं से तीन बेटियों समेत उनकी मां की लाश बरामद की गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर कर मृतिका के पति की जमकर पिटाई की। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतिका के पति को थाने ले गई। मृतिका के परिजनों के अनुसार, महिला की तीन बेटी होने की वजह से ससुराल वाले उसे हमेशा प्रताड़ित किया करते थे। पुलिस ने चारों शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है और हत्या व सुसाइड दोनों ही बिंदुओं पर जांच में जुट गई है।
मृतिका की पहचान रुबी देवी (28) और उसकी तीन बेटियां अमृता (6), रितिका (3) और गुंजन (2) के रूप में की गई। रुबी देवी मंगलवार को अपने ससुराल सतगांवा (कोडरमा) में थी। दोपहर को रुबी के पति दीपू चौधरी ने उसके मायके वालों को फोन कर बताया कि घर से झगड़ा कर रुबी तीनों बेटियों को लेकर मायके के लिए निकल गई है। ससुराल से मायके की दूरी करीब 10 किलोमीटर है। पर रुबी शाम तक घर नहीं पहुंची।
इसके बाद रुबी के मायके वालों ने उसे ढूंढ़ना शुरू किया। सुबह रुबी और उसकी तीनों बेटियों का शव कुएं में मिला। रुबी के मायके वालों ने बताया कि तीन बेटियों के जन्म के बाद से उसे ससुराल वाले काफी प्रताड़ित किया करते थे। बेटी पैदा होने से हमेशा ताना देते रहते थे। एक बार गांव में पंचायती भी हुई। इसके बाद भी ससुराल पक्ष रुबी को परेशान करता ही रहा। इधर, महिला के शव पर चोट के निशान भी मिले हैं।