Home News छत्तीसगढ़ : महाराष्ट्र से आया श्रमिक निकला कोरोना पॉजिटिव, 22 मई तक...

छत्तीसगढ़ : महाराष्ट्र से आया श्रमिक निकला कोरोना पॉजिटिव, 22 मई तक देशभर से आएंगे हजारों लोग, आज रात से सोमवार तक टोटल तालाबंदी….

13
0

रायपुर. मार्च के महीने में प्रदेश में जितने भी कोरोना संक्रमित मिले, सभी विदेशों से लौटे लोग थे। मगर अब जो संक्रमित सामने आ रहे हैं, वो ना तो विदेश गए और ना ही किसी विदेश से लौटे व्यक्ति के संपर्क में आए। बीती रात बालोद जिले से एक श्रमिक कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इसे इलाज के लिए रायपुर एम्स लाया गया है। कोरोना के एक्टिव केस की संख्या अब 4 है, 56 लोग ठीक हो चुके हैं। कुल 60 लोग राज्य में अब तक कोरोना संक्रमित मिले हैं। यात्री ट्रेन और श्रमिक स्पेशल गाड़ियों से हजारों की संख्या में आम लोग और श्रमिक छत्तीसगढ़ पहुंच रहे हैं। खासकर श्रमिकों के लिए राज्य सरकार ने 29 ट्रेन का बंदोबस्त किया है। 22 मई तक इनमें हजारों की संख्या में श्रमिक पहुंचेंगे। मजदूर और आम लोग उन शहरों या राज्यों से भी आ रहे हैं, जहां कोरोना संक्रमण और इसकी वजह से होने वाली मौत का आंकड़ा सर्वाधिक है। जानिए राज्य के प्रमुख शहरों में क्या है स्थिति। 

सभी शहरों में पूर्ण लॉकडाउन 
राज्य सरकार के आदेश के मुताबिक, मई महीने में हर शनिवार और रविवार को पूर्ण लॉकडाउन रहेगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू के सुझाव को सहमति देते हुए यह आदेश जारी किया था। उन्होंने प्रदेश में मई महीने के सभी शनिवार और रविवार को प्रदेश में लॉकडाउन करने का सुझाव दिया है। इस लॉकडाउन में सब्जी, दूध, चिकित्सा से जुड़ी सेवाएं मिलेंगी। किराना दुकानें वगैरह बंद रहेंगी। रायपुर, बिलासपुर समेत लगभग सभी प्रमुख शहरों में इसे शुक्रवार रात 11 बजे से ही लागू किया जा रहा है। यह लॉकडाउन अब सीधे सोमवार की सुबह 6 बजे के बाद हटाया जाएगा। 

रायपुर से अन्य जिलों में जाएंगे मजदूर 

तस्वीर रायपुर रेलवे स्टेशन की है, इस तरह से श्रमिकों का आना जारी, एक गर्भवति महिला भी इस दौरान घर वापसी के लिए संघर्ष का सफर करती दिखी।
तस्वीर रायपुर रेलवे स्टेशन की है। इस तरह से श्रमिकों का आना जारी है। एक गर्भवती महिला भी इस दौरान घर वापसी के लिए संघर्ष का सफर करती दिखी।

गुरुवार को महाराष्ट्र के नान्दूरबार से श्रमिकों को लेकर ट्रेन आई। इसमें रायपुर के 11,धमतरी के 6, महासमुंद के 25, सुकमा के 30, बीजापुर 27, गरियाबंद 26, कोंडागांव 9, कांकेर 1, दंतेवाड़ा के 51, बस्तर के 103 और नारायणपुर जिले का 1 श्रमिक मिलाकर कुल 290 श्रमिक पहुंचे। अब 16 मई को लखनऊ और 17 मई को दिल्ली से आएगी श्रमिक स्पेशल ट्रेन लगभग 1 हजार मजदूर आएंगे जो प्रदेश के सभी जिलों से हैं। 21 मई को एक ट्रेन मुंबई से छत्तीसगढ़ के मजदूरों को लेकर आएगी। इन श्रमिकों को बस के जरिए उनके जिलों में भेजा जाएगा, वहां ये सभी क्वारैंटाइन सेंटर में रहेंगे। 

दंतेवाड़ा में बदला दुकानों को खोलने का वक्त 
कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा ने दुकानों को खोलने को लेकर नए निर्देश जारी किए हैं। नई अनुमति के तहत अब जिले में सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक सभी प्रकार की दुकानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को संचालित करने का आदेश जारी किया गया है। यह समय पहले सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित था। उन्होंने जारी आदेश में कहा है कि राज्य शासन के निर्देशानुसार मई महीने में प्रत्येक शुक्रवार रात 11 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक पूरी तरह से लॉकडाउन लागू रहेगा, किराना दुकानें वगैरह भी इस दौरान बंद रहेंगी। 

रायगढ़ में थोड़ी राहत 

रायगढ़ जिले में अब तक कोरोना संक्रमण का एक भी मामला सामने नहीं आया है। कलेक्टर यशवंत कुमार ने जिले में सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक खुलने वाली दुकानें अब शाम 5 बजे तक खुलेंगी। यह वो संस्थान हैं, जिन्हें जिला प्रशासन ने छूट दी थी। 50 प्रतिशत तक कर्मचारियों के साथ संस्थानों का काम करने कहा गया है। जिले में सब्जी सुबह 7 बजे से सुबह 10 बजे तक, खाद्य पदार्थ,ब्रेड, फल, चिकन, मटन, मछली एवं अण्डा से जुडे काम सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक होंगे, दूध डेयरी, मिल्क डेयरी प्रतिदिन सुबह 7 बजे से सुबह 10 बजे तक एवं शाम 5 बजे से शाम 7 बजे तक खुली रहेगी। पान दुकान, सेलून/नाई दुकान का संचालन प्रात: 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगा। 

बिलासपुर में नमक की परेशानी 
जिले में नमक के नाम पर दुकानदार आम लोगों को लूट रहे हैं। 50 से 100 रुपए की कीमत पर नमक के वो पैकेट बिक रहे हैं जो 8 से 10 रुपए में मिल जाया करते थे। नमक ना मिलने की अफवाह की वजह से यह हालात बनें। नमक की मुनाफाखोरी की शिकायत को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा गठित टीम द्वारा 20 किराना दुकानों की जांच की गई। इनमें से सात किराना दुकानों में कार्रवाई करते हुए 35 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया गया। तखतपुर के सागरमल किराना स्टोर, रामकिशन किराना स्टोर तथा मोहन किराना एवं पशु आहार केन्द्र में, बेलपान में विवेक किराना स्टोर, हरदी में प्रताप मसाला उद्योग, बसंत विहार बिलासपुर के दुर्गा किराना स्टोर तथा कोटा के शारदा किराना स्टोर में नाप तौल विभाग द्वारा पांच-पांच हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।

दुर्ग में कोरोना पर लापरवाही, डेंगू का खतरा भी 

तस्वीर भिलाई के सब्जी बाजार की है, दुर्ग जिले में कोरोना पॉजिटिव के केस भी मिल चुके हैं, बावजूद इसके यह नजारे हर दिन दिखते हैं।
तस्वीर भिलाई के सब्जी बाजार की है। दुर्ग जिले में कोरोना पॉजिटिव के केस भी मिल चुके हैं। इसके बावजूद यह नजारे हर दिन दिखते हैं।

भिलाई के सुपेला और पावर हाउस बाजार का सर्वे किया। यहां पाया गया कि कोरोना संकट काल में  93% सब्जी वाले हैंड ग्लब्स नहीं लगाते। 46% किराना दुकान में संचालक हो या ग्राहक मास्क ही नहीं पहन रहे। 60% से ज्यादा दुकानों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हो रहा है। जबकि कोरोना से बचने के लिए यह सब जरूरी है। दूसरी तरफ डेंगू का खबरा भी इलाके में मंडरा रहा है।

10 दिनों के भीतर यहां 4 कंफर्म केस मिलने से वायरस के मौजूदगी की पुष्टि हो गई है। 11 माह की बच्ची को स्वस्थ्य होने पर एम्स ने डिस्चार्ज कर दिया है। वहां हुए कंफरमेंट्री टेस्ट में डॉक्टरों ने उसको डेंगू नहीं होने की जानकारी दी है। स्थानीय प्रशासन 500 मीटर के दायरे में सघन स्तर पर स्प्रे और फाॅगिंग करा रहा है। डोर-टू-डोर सर्वे कर बुखार के मरीजों को तलाश रही है।