Home News झारखंड : ग्रीन जोन से फिर ऑरेंज जोन में पहुंचे हजारीबाग और...

झारखंड : ग्रीन जोन से फिर ऑरेंज जोन में पहुंचे हजारीबाग और गिरिडीह, राज्य में अब तक 161 कोरोना पॉजिटिव मरीज…

19
0

लॉकडाउन फेज-3 के आठवें दिन सोमवार सुबह गुजरात के सूरत से एक श्रमिक स्पेशल ट्रेन धनबाद रेलवे स्टेशन पर पहुंची। ट्रेन में झारखंड के 15 जिलों के कुल 1203 लोग सवार थे। ट्रेन के स्टेशन पहुंचने के बाद श्रमिक और उनके परिवार के सदस्यों के लिए स्वास्थ्य जांच, हैंड सैनिटाइजर, मास्क, पानी और नाश्ता का प्रबंध प्रशासन की ओर से किया गया था। स्टेशन के बाहर से सभी को बसों के जरिए उनके घरों की ओर रवाना किया गया। 

आज 18 बसों से पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा से रांची आएंगे 630 प्रवासी मजदूर, यहां से जाएंगे अपने गृह क्षेत्र
पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा से 630 प्रवासी मजदूरों को लेकर सोमवार को 18 बसें रांची आएंगी। इनमें रांची के 237, लातेहार के 14, रामगढ़ के 163, खूंटी के 38, गुमला के 127, पूर्वी सिंहभूम के 29 और हजारीबाग के 22 मजदूर हैं। बंगाल सरकार ने इसके लिए मजदूरों को बांकुरा के विभिन्न थानों में रविवार की सुबह आठ बजे उपस्थित होने का निर्देश दिया था। उसके बाद विभिन्न थानों में जमा हुए मजदूरों को लेकर बसें रांची के लिए रवाना हुईं। यहां से फिर जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए साधन से मजदूरों को उनके गृह क्षेत्र भेजा जाएगा।

सोमवार सुबह गुजरात के सूरत से स्पेशल ट्रेन के जरिए धनबाद स्टेशन पहुंचने के बाद श्रमिकों के स्वास्थ्य की जांच की गई और उनका सैंपल लेकर घरों की ओर भेजा गया।

राज्य में एंटीबॉडी रैपिड टेस्ट शुरू, 8700 टेस्ट किट पहुंचे, 4500 से हो रही टेस्टिंग
राज्य में कोरोना संक्रमण की जांच के लिए एंटी बॉडी रैपिड टेस्ट का इस्तेमाल शुरू किया गया है। गढ़वा, गिरिडीह सहित कई जिलों में डेवलपमेंट पार्टनर यूनिसेफ और डब्लूएचओ की मॉनिटरिंग में इसका इस्तेमाल शुरू किया गया है। परिणाम की समीक्षा के बाद राज्य सरकार आईसीएमआर से मान्यता प्राप्त किट के खरीद पर निर्णय लेगी। राज्य सरकार की ओर से एक लाख एंटी बॉडी रैपिड किट की खरीद के लिए टेंडर निकाला गया था। इसमें कई कंपनियों ने टेंडर भरा। खरीद से संबंधित निर्णय के लिए फाइल स्वास्थ्य सचिव के पास भेजी गई है। स्वास्थ्य विभाग के टेस्टिंग के लिए में 8700 किट मिले हैं। सीएसआर के तहत कंपनियों की ओर से भी रैपिड किट उपलब्ध कराए गए हैं। अभी तक मिले 8750 किट में से 4500 किट का वितरण किया गया है। जबकि स्टेट वेयर हाउस में 4200 किट रखे गए हैं। जल्द ही जिलों में इसका वितरण किया जाएगा। 

झारखंड में अभी अस्पतालों से कोरोना मरीजों को जल्द छुट्‌टी नहीं
आईसीएमआर की नई डिस्चार्ज पॉलिसी में हल्के लक्षण वाले मरीजों को जल्दी अस्पताल से छुट्‌टी देने के निर्देश दिए गए हैं। मगर अभी झारखंड में आईसीएमआर की यह नई गाइडलाइन लागू नहीं होगी। स्टेट आईडीएसपी की ओर से अभी इसपर कोई गाइडलाइन जारी नहीं की गई है। आईसीएमआर की नई डिस्चार्ज पॉलिसी के अनुसार जिन मरीजों में बहुत संक्रमण के हल्के लक्षण हैं और उन्हें 3 दिन तक बुखार नहीं आता तो 10 दिन बाद उनकी अस्पताल से छुट्‌टी कर दी जाएगी। उस समय कोरोना की जांच की जरूरत भी नहीं है। इन मरीजों को अस्पताल से जाकर 7 दिन घर पर आइसोलेशन में रहना होगा। राज्य में 76 मरीज अस्पतालों में हैं, जिनमें अधिकांश एसिम्प्टोमैटिक है। इनमें भी कई ऐसे हैं जो 10 या उससे अधिक दिनों से अस्पताल में हैं, और सर्दी-बुखार जैसे लक्षण नहीं हैं। 16 मरीजों की पहली रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। नई पॉलिसी लागू होती है तो इन्हें अस्पताल से छुट्टी दे होम आईसोलेशन में भेजा जा सकता है।

सोमवार सुबह चुटिया थाना क्षेत्र में स्थानीय पुलिस ने फ्लैग मार्च किया। इस दौरान लोगों ने पुलिस कर्मियों पर फूल बरसाए। चुटिया थाना प्रभारी रवि ठाकुर ने क्षेत्र में लोगों से अपील की कि कोरोना से लड़ने के लिए घर में रहें, समाजिक दूरी बना कर रहें।

कोरोना अपडेट्स

रांची: राज्य के रेड जोन में शामिल जिले में 94 लोगों में कोरोना संक्रमितों की पुष्टि हो चुकी है। रविवार को लगातार चौथे दिन भी रांची के लोगों के लिए सुकून भरा रहा। रविवार को एक भी पॉजिटिव रांची में नहीं मिला। उधर, रांची जिला में प्रवेश करने वाले बाहरी जिला और अन्य राज्य से आने वाले लोगों के लिए कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन सख्ती से कराने की तैयारी जिला प्रशासन ने की है। जो लोग रेड जोन से आएंगे, उनकी स्वाबिंग की जानी अनिवार्य होगी। स्वाबिंग के बाद उन्हें क्वारैंटाइन किया जाएगा। 

बोकारो: जिले में अब तक 10 कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं, जिनमें एक की मौत हो चुकी है। अन्य 9 मरीजों के ठीक होने के बाद प्रशासन ने उन्हें घर भेज दिया है। रविवार को 38 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए। देर रात 189 सैंपल की रिपोर्ट नहीं आ पाई थी। सिविल सर्जन डॉ अशोक कुमार पाठक ने बताया कि सोमवार को सभी रिपोर्ट आने की उम्मीद है। दक्षिण भारत के मेंगलोर से श्रमिकों को लेकर स्पेशल ट्रेन सोमवार को बोकारो आ सकती है, ऐसी सूचना है। यहां पहुंचने के बाद सभी मजदूरों की स्क्रीनिंग कर संबंधित जिलों के लिए खुलने वाली बसों में सवार कर उनके गृह जिले और प्रखंडों तक भेजा जाएगा।

धनबाद: जिले में अब तक चार संक्रमित मिले हैं, जिनमें दो स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। जिले में कोरोना के दो और पॉजिटिव मिले हैं। दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद इन्हें कोविड अस्पताल में भर्ती कर लिया गया जहां उनका इलाज जारी है। दो मरीजों के ठीक होने के बाद जिला ग्रीन जोन में चला गया था लेकिन नए मरीज मिलने के बाद फिर से धनबाद ऑरेंज जोन में आ गया है।

जमशेदपुर: लॉकडाउन में फंसे बाहर के 160 लोग रविवार को कोरोना जांच कराने के लिए एमजीएम पहुंच गए। डॉक्टरों ने उन सभी की जांच की, जिसमें कोरोना जांच के लिए 17 लोगों का नमूना लिया गया। अन्य मरीजों में कोरोना का लक्षण नहीं मिलने के कारण घर भेज दिया गया। एमजीएम के वायरोलॉजी लैब रविवार को 473 कोरोना संदिग्धों के सैंपल की जांच हुई। सभी की रिपोर्ट निगेटिव मिली। इसमें कोल्हान सहित प्रदेश के दूसरे जिले भी शामिल है। वहीं रविवार को पूर्वी सिंहभूम जिले से कुल 134 संदिग्ध मरीजों का सैंपल लिया गया। इस तरह से जिले से अब तक कुल 3036 लोगों का सैंपल लिया जा चुका है। 2689 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। बाकी 346 नमूनों की जांच चल रही है।

गिरिडीह के जमुआ थाना क्षेत्र स्थित रेम्बा गांव में तीन नए संक्रमित मिलने के बाद सोमवार को प्रशासनिक पदाधिकारी यहां पहुंचे और पूरे गांव को सील कर दिया। साथ ही सैनिटाइजेशन भी किया गया। 

हजारीबाग: जिले में अब तक चार कोरोना संक्रमण के मरीज मिल चुके हैं। तीन स्वस्थ्य होकर घर लौट चुके हैं, जबकि रविवार को मुंबई से लौटे एक संदिग्ध के सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। नया मरीज मिलते ही कुछ दिन पहले ही ग्रीन जोन में आया हजारीबाग अब फिर से ऑरेंज जोन में चला गया है। इधर, रविवार को 675 लोगों की स्क्रीनिंग हुई। हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में 10 संदिग्ध भर्ती हैं। रविवार तक जिले में 22872 लोगों की कोरोना वायरस को लेकर प्रारंभिक जांच की गई है। इसमें 19602 दूसरे राज्यों से आए प्रवासी शामिल है।

कोडरमा: जिला में दो नए कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद इन मरीजों के संपर्क में आए 42 लोगों का सैंपल रांची व धनबाद जांच के लिए भेजा गया है। अब तक कुल 348 लोगों का सैंपल लिया गया है, जिसमें 212 लोगों का रिपोर्ट निगेटिव आया है। जबकि 3 लोगों का रिपोर्ट पॉजिटिव आया है, इसमें से एक मरीज ठीक होकर घर जा चुका है। 134 लोगों की रिपोर्ट पेंडिंग है। होम क्वारैंटाइन में 1813 लोगों को रखा गया है। जबकि 11379 लोगों ने 14 दिन होम क्वारैंटाइन पूरा कर लिया है। क्वारैंटाइन सेंटर में 376 लोगों को रखा गया है। कोविड हॉस्पिटल होली फैमिली में दो कोरोना पॉजिटिव का इलाज चल रहा है। 

गढ़वा: जिले में अब तक 23 लोगों में कोरोना का संक्रमण पाया गया है। तीन स्वस्थ्य हो चुके हैं। कोविड-19 के संदिग्धों की जांच के लिए अब तक गढ़वा जिले से कुल 666 लोगों का सैम्पल जांच के लिए रांची भेजा गया है। जिनमें विभिन्न प्रखंडों से लिए गए सैंपल शामिल हैं। अभी तक कोविड-19 के कुल 23 मामले पॉजिटिव पाए गए हैं तथा 433 सैंपल निगेटिव पाए गए हैं।

सिमडेगा: जिले में पिछले 20 दिनों में कोरोना पॉजिटिव केस नहीं मिला है। यहां के दोनों कोरोना संक्रमित ठीक हो चुके हैं। अब जिले के ऑरेंज जोन से बाहर निकल ग्रीन जोन में बदलने की उम्मीद बढ़ गई है। जिले में अब तक 643 सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं जिसमें 334 की रिपोर्ट निगेटिव जबकि दो की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 302 लोगों की रिपोर्ट आनी बाकी है। जिले में 29 लोगों को क्वारैंटाइन सेंटर जबकि 912 लोगों को होम क्वारैंटाइन किया गया है।

पलामू: पलामू जिले में कोरोना के अब तक आठ केस मिले हैं। इनमें से तीन ठीक हो चुके हैं। शनिवार को तीनों ठीक हो चुके लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। पांच नए संक्रमितों को पलामू मेडिकल कॉलेज अस्पताल के डेडीकेटेड कोविड केयर सेंटर में भर्ती किया गया है। लेस्लीगंज प्रखंड के तीन कोरोना मरीज को 25 अप्रैल की रात में नवजीवन अस्पताल तुंबागड़ा के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया था।

गिरिडीह: जिले में तीन कोरोना संक्रमित मिलने के बाद यहां कुल पॉजिटिव मरीजों की संख्या 5 हो गई है। इसमें से 2 मरीज पहले स्वस्थ हो चुके हैं। रविवार की रात पॉजिटिव मिले मरीज गुजरात से गिरिडीह लौटे थे। इनमें से दो बिरनी व एक जमुआ ब्लॉक में बने क्वारैंटाइन सेंटर में रखे गए थे। सोमवार को इन्हें कोविड-19 सेंटर में शिफ्ट कर दिया गया। वहीं, क्वारैंटाइन सेंटर को सैनिटाइज किया गया।

दुमका: दुमका में कोरोनावायरस के संदिग्ध मरीजों की जांच जल्द शुरू होने की उम्मीद है। इसके लिए दुमका मेडिकल कॉलेज दिघी में टेस्टिंग लैब स्थापित करने का कार्य प्रारंभ हो गया है। जिले के सरैयाहाट कस्तूरबा आवासीय विद्यालय क्वारैंटाइन सेंटर में सुरक्षा चक्र को तोड़कर क्वारंटीन से मिलने उसके परिजन का जाना और नाई द्वारा बाल-दाढ़ी बनाने की पुष्टि हो जाने के बाद एसपी अंबर लकड़ा ने सरैयाहाट थाना प्रभारी संजय जनक मूर्ति को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जमशेदपुर में सोमवार के लगभग हर सड़क पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर आने जाने वालों लोगों से पूछताछ की। पुख्ता कारण बताने पर ही उन्हें आगे जाने दिया गया।

राज्य में कुल 161 संक्रमित: रांची के 94, गढ़वा 23, बोकारो 10, पलामू 8, देवघर 4, हजारीबाग में 4, धनबाद 4, गिरिडीह 5, सिमडेगा 2, जामताड़ा 2, दुमका 2, कोडरमा 2 और गोड्डा में 1 मरीज में कोरोनावायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है। 

राज्य में अब तक 4 की मौत: रांची में तीन जबकि बोकारो के एक मरीज की मौत हो चुकी है।

राज्य में स्वस्थ्य हुए 78 मरीज: रांची में 50, बोकारो में 09, पलामू में 3, धनबाद में 2, हजारीबाग में 3, देवघर में 2, गिरिडीह में 2, सिमडेगा में 2, गढ़वा में 2 जबकि राज्य के अन्य जिलों से संक्रमित मरीजों में 3 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।