जमशेदपुर. झारखंड में कोरोनावायरस के संक्रमण के दो मरीज आने के बाद भी लोगों के बीच जागरूकता की कमी दिख रही है। रांची, जमशेदपुर, धनबाद, पलामू, गढ़वा, लोहरदगा समेत तमाम जिलों में अधिकतर जगहों पर न तो लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर रहे हैं और न मास्क का उपयोग कर रहे हैं। लोगों की ये लापरवाही हजारों की जान को मुश्किल में डाल सकती है। लॉकडाउन के 10वें दिन शुक्रवार को सब्जी मंडियों में रोजाना की तरह भीड़ जुटी। लोग जानलेवा वायरस और दो संक्रमित मरीज के मिलने के बाद भी लापरवाही बरत रहे हैं। पुलिस-प्रशासन के निर्देशों का भी पालन नहीं कर रहे हैं।

पुलिस-प्रशासन द्वारा सख्ती बरतने की बात कही जा रही है, लेकिन इसका कोई असर जनता पर नहीं पड़ता दिख रहा है। धनबाद के गोविंदपुर स्थित माडा में लगने वाले सब्जी मंडी में भीड़ जुटी। लोगों के पास न तो मास्क था और न ही वे सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते दिखे।

जमशेदपुर और रांची के बाजारों का भी कुछ ऐसा ही हाल रहा। जमशेदपुर के साकची, मानगो, आदित्यपुर के बाजारों और सड़कों पर रोजाना की तरह लोग उतरे। छोटे-बड़े तमाम वाहन चलते दिखे। वहीं रांची के नागाबागा खटाल, रातू रोड पर सड़क किनारे लगने वाले सब्जी बाजारों में भी लोग सब्जी खरीदने जुटे।

राज्य में कोरोना का नंबर गेम
राज्य में अबतक कोरोना के कुल 529 संदिग्धों का ब्लड सैंपल लिया जा चुका है जिनमें दो की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है जबकि 382 की रिपोर्ट निगेटिव है। कुल सैंपलों में 146 की रिपोर्ट आनी बाकी है।