रायपुर। पाकिस्तान से फिर एक बार दुर्भाग्यजनक खबर सामने आई है। पाकिस्तान में शादी के मंडप से दुल्हन को उठाकर उसका धर्म परिवर्तन करा लिया गया और उसके बाद अपहरणकर्ता के साथ उसका निकाह भी कराया गया और बेशर्मी से उसके निकाह के दस्तावेज सोशल मीडिया में वायरल कर दिए गए। सबसे शर्मनाक भारतीय दुल्हन विवाह मंडप से अपहरण करते समय वहां की पुलिस भी अपहरणकर्ताओं के साथ रहना है। यह हाल है पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान में बंटवारे के समय वहां रह गए हिंदुओं का जो आज अल्पसंख्यक हैं और यही हाल रहा तो कल शायद खत्म हो जाएंगे। इस पर कहीं कोई हंगामा हमारे देश में नहीं हो रहा है।
लेकिन नागरिकता संशोधन कानून पर हंगामा जारी है इस देश में। अवैध रूप से रह रहे अप्रवासियों को भगाने का विरोध जारी है और सबसे शर्मनाक है बात-बात पर भारत रहने लायक नहीं रहा कहने वाले असहिष्णु लोगों की चुप्पी। जरा सी अपराधिक वारदात पर इनाम लौटाने वाले इनाम लौटाऊ गैंग का खामोश रहना भी हैरान करने वाला है। कैंडल गैंग भी पता नहीं कहां गुम हो गई है। शायद पाकिस्तान की लड़की का अपहरण उसका धर्म परिवर्तन और उसकी जिंदगी को तबाह होना उनकी एक मोमबत्ती से सस्ता है। बेशर्मी की हद पार करता पाकिस्तान लगातार वहां के अल्पसंख्यकों पर अत्याचार कर रहा है। उनके मानवाधिकारों का हनन कर रहा है। और यहां मानवाधिकार के पैरोकार पता नहीं किस बात का विचार कर रहे हैं। बेहद शर्मनाक है पाकिस्तान में हिंदुओं पर अत्याचार और इसका भारत में विरोध ना होना और ज्यादा शर्मनाक है।