Home News प्रेशर बम की चपेट में आकर दो मजदूर घायल…

प्रेशर बम की चपेट में आकर दो मजदूर घायल…

11
0

नक्सलियों द्वारा लगाए गए प्रेशर बम की चपेट में आकर दो मजदूर भाई घायल हो गए हैं। इनमें एक की हालत गंभीर है। जिला हास्पिटल में उपचार के बाद उसे मेकॉज रिफर कर दिया गया है। यह घटना बस्तर जिले के मारडूम थाना क्षेत्र की है।

जिले के बारसूर से पल्ली (नारायणपुर) निर्माणाधीन सड़क में शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे प्रेशर आइइडी फटने से दो मजदूर घायल हो गए। बताया गया कि ओडिशा के कोड़ेंगा (नवरंगपुर थाना) निवासी कुछ मजदूर सड़क निर्माण में लगे हैं। मारडूम (बस्तर जिला) थाना क्षेत्र के बोरली गोटिया जोड़ान के पास काम चल रहा है। इसी दौरान मुंशी के कहने पर सड़क में पड़े एक पत्थर को हटाने दो मजदूर गए थे। जैसे ही उन्होंने पत्थर हटाया, ब्लास्ट हो गया। इसकी चपेट में आने से जगदीश और मानू पिता रूपचंद्र घायल हो गए। जगदीश को गंभीर चोट आई है। मानू को मामूली चोट है। दोनों भाई बताए जा रहे हैं। डॉ राजेश राय के मुताबिक जगदीश की हालत गंभीर है। उसके चेहरे और हाथ- पैर के साथ सीने में अंदरूनी चोट आई है। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेकॉज रिफर कर दिया गया है। ज्ञात हो कि सड़क सुरक्षा और सर्चिंग पर निकले जवानों को नुकसान पहुंचाने नक्सली ऐसी हरकत करते हैं। इससे कई बार ग्रामीण, मवेशी या मजदूरों को नुकसान होता है।