Home News जेल में बंद निर्दोष परिजनों की रिहाई के लिए सीएम से मिलेगा...

जेल में बंद निर्दोष परिजनों की रिहाई के लिए सीएम से मिलेगा आदिवासी समाज…

26
0

कांग्रेस के घोषणापत्र के अनुसार जेल में बंद निर्दोष आदिवासियों की रिहाई के लिए परिजन गुरूवार को सीएम भूपेश बघेल से मुलाकात करेंगे। समाज सेवी सोनी सोरी के नेतृत्व में आदिवासियों की 30 सदस्यीय टीम बुधवार शाम रायपुर रवाना हुई। इस संबंध में एक बैठक कर आदिवासियों ने सीएम से चर्चा करने वाले मुद्दों पर विचार- विमर्श किया है। सोरी ने चर्चा में बताया कि उनकी मांगों में फर्जी नक्सलियों के नाम पर जेल में बंद लोगों की रिहाई की समय- सीमा बताने, बंदियों को पौष्टिक और भरपेट भोजन देने, उनके स्वास्थ्य पर ध्यान देने, बंदियों को जिले के ही जेल में रखने, उनके लिए स्थानीय कमेटी गठित करना आदि शामिल हैं। विचार- विमर्श के दौरान सोनी सोरी के साथ विजय सोरी, शंकर कुंजाम, सुरेश कर्मा, नंदा कुंजाम, सुकालू मुड़ामी, रामदेव सोरी, भीमे सहित दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा जिले के आदिवासी जनप्रतिनिधि और ग्राम मुखिया शामिल हुए थे। ज्ञात हो कि आदिवासियों की रिहाई के लिए एक माह पहले पालनार में बड़ी संख्या में एकत्र होकर अपनी मांग के लिए तीन दिन तक आदिवासी आंदोलनरत थे। इस दौरान सोनी सोरी की गिरफ्तारी भी हुई थी। इसके बाद बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी, दंतेवाड़ा विधायक देवती कर्मा ने पालनार पहुंचकर सीएम से मुलाकात कराने का समय तय किया था। इसके बाद आंदोलन समाप्त कर सीएम से अपनी बातें रखने आदिवासी समाज तैयार हुआ। राज्य सरकार ने इस मामले के लिए रिटायर्ड जस्टिस जेके पटनायक के नेतृत्व में कमेटी बनाई गई है जिसकी एक बैठक हुई है लेकिन कोई सकारात्मक पहल अब तक नहीं होने की बात कही जा रही है।