राजनांदगांव। शारदीय नवरात्रि की महाअष्टमी के पावन अवसर पर, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और चुनौतीपूर्ण ड्यूटी के सफल निर्वहन के बाद राजनांदगांव पुलिस ने पूरी श्रद्धा और भक्ति भाव से डोंगरगढ़ पहुंचकर माँ बम्लेश्वरी के दर्शन किए। इस दौरान पुलिस बल ने माँ के श्रीचरणों में हाजिरी लगाकर क्षेत्र की सुख, समृद्धि और शांति के लिए विशेष प्रार्थना की और भव्य आरती-अर्चना में भाग लिया।
दर्शन के इस पावन अवसर पर राजनांदगांव पुलिस बैंड द्वारा सुमधुर और भक्तिमय धुनों की प्रस्तुति दी गई। बैंड की इन धार्मिक और ओजस्वी धुनों से संपूर्ण मंदिर परिसर में एक अलौकिक आध्यात्मिक ऊर्जा और श्रद्धा का संचार हो गया, जिससे वहां मौजूद श्रद्धालु भी मंत्रमुग्ध नजर आए।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष शारदीय नवरात्रि के दौरान छत्तीसगढ़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के कड़े और सुदृढ़ इंतजाम किए थे, जिसके चलते लाखों श्रद्धालुओं को सुलभ, सुरक्षित और व्यवस्थित दर्शन लाभ प्राप्त हुआ। पुलिस की मुस्तैदी का ही परिणाम रहा कि डोंगरगढ़ मेला व्यवस्था के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय या आपराधिक घटना घटित नहीं हुई और सभी कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण संपन्न हुए। साथ ही, पदयात्रियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखते हुए ‘शून्य दुर्घटना’ का रिकॉर्ड कायम रहा।
उत्कृष्ट सुरक्षा प्रबंधन और आम जनता के सहयोग के लिए राजनांदगांव पुलिस ने सभी का आभार व्यक्त किया है। पुलिस प्रशासन ने दोहराया है कि वह भविष्य में भी जनसेवा, सुरक्षा और धार्मिक आयोजनों के सुचारु संचालन के लिए इसी पूर्ण प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ कार्य करता रहेगा।



