Home News पुलिस से हाथापाई व बोलेरो में तोड़-फोड़, आठ गिरफ्तार…

पुलिस से हाथापाई व बोलेरो में तोड़-फोड़, आठ गिरफ्तार…

11
0

एसईसीएल की शहीद भगत सिंह कॉलोनी की दुर्गा पूजा समिति और कांग्रेस के जुड़े आठ युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन पर गश्त पर निकली पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई व बोलेरो में तोड़-फोड़ करने का आरोप है। विवाद उस वक्त शुरू हुआ जब अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उदय किरण ने फ्लैग मार्च के दौरान चंदा वसूल रहे कुछ युवकों को अपने लहजे में समझाया।

शुक्रवार की रात करीब नौ बजे आइपीएस उदय किरण की अगुवाई में करीब 50 पुलिस जवान फ्लैग मार्च करते हुए शहीद भगत सिंह कॉलोनी के निकट स्थित कृष्णानगर पहुंचे। उस समय यहां करीब पांच युवक दुर्गा समिति का घर-घर चंदा एकत्रित कर रहे थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने उन्हें रोककर किसी से भी जबरदस्ती चंदा नहीं लेने की चेतावनी दी। साथ ही उन्होंने समिति के पदाधिकारियों का नाम भी पूछा। इस दौरान युवकों ने समिति के अध्यक्ष व कांग्रेस के नेता विकास सिंह का नाम बताया। युवकों को समझाइश दे रहे थे, इस बीच समिति के कुछ लोग भी पहुंच गए। तब अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने उन्हें भी कायदे के अनुरूप काम करने की हिदायत दी। इसके साथ ही कॉलोनी में सर्च करने के बाद पुलिस बल वापस लौट आया। बताया जा रहा है कि युवकों को समझाइश दिए जाने के दौरान अफसरों के कहने पर आरक्षक अभिषेक पांडेय ने मोबाइल पर वीडियो बनाया था। पुलिस का कहना है कि रात में 10.30 बजे शहीद भगत सिंह कॉलोनी में कुछ युवकों के हुड़दंग किए जाने की सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। 20 से 25 युवकों ने यहां पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता करते हुए हाथापाई की। हुड़दंग का वीडियो अभिषेक पांडेय बना रहा था, उससे मोबाइल लूट कर वीडियो डिलीट कर दिया गया। यहीं नहीं युवकों ने गश्त की बोलेरो क्रमांक सीजी 12 एजे 8557 पर तोड़-फोड़ की। घटना की जानकारी मिलने पर रात में ही मानिकपुर पुलिस चौकी में अतिरिक्त बल तैनात किया गया। इसके साथ ही मानिकपुर पुलिस ने तोड़-फो़ड़ करने वालों के खिलाफ धारा 147, 341, 342, 294, 186, 353, 332, 427 के तहत करीब 25 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने रात में ही आठ आरोपित यूथ इंटक अध्यक्ष अंकित श्रीवास्तव, निखिल, महामंत्री युवा इंटक आशीष राहुल राव, निर्मल सिंह, शरद साहू, यूथ इंटक सचिव राजू वर्मन, राकेश पंकज, विक्की नायडू को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपितों को शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां जमानत रद्द हो जाने पर जिला जेल दाखिल कर दिया गया है।

जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी पᆬरीद खान ने भी एक विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि तीन अक्टूबर को मेरे साले की बुलेट गाड़ी ट्रैपिᆬक टीआइ प्रमोद सिंह ने पकड़ ली थी। चालान की राशि उसके पास नहीं होने की वजह से मैं मौके पर पहुंचा। स्वाइप मशीन से चालान पटाना था, लेकिन एटीएम कार्ड काम नहीं कर रहा था। मैंने मशीन खराब है कहा तो टीआइ प्रमोद सिंह नाराज होकर मुझे डांटने लगे। बाद में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उदय किरण ने मुझे पᆬोन पर धमकाते हुए कहा- तुझे लंगड़ा कर शहर में घुमाऊंगा। लगातार तीन बार पᆬोन पर मुझे धमकी दी गई। मुझे डराते-धमकाते हुए कहा गया कि तुम्हारे नाम का पᆬायरिंग ऑर्डर निकल गया है। उधर कांग्रेस के शहर अध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कहा है कि विवादित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उदय किरण की पदस्थापना से कोरबा में अशांति की स्थिति निर्मित हो गई है।

कांग्रेस की ओर से जारी की गई विज्ञप्ति में कहा गया है कि कृष्णानगर में सहयोग राशि एकत्र कर रहे एक युवक का अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उदय किरण ने कॉलर पकड़ कर घसीटने का प्रयास किया। यहां से सीधे रात 9.15 बजे जिला कांग्रेस के महामंत्री व इंटक नेता विकास सिंह घर पहुंच गए। दो पुलिसकर्मियांें को घर के अंदर भेजा गया। उस वक्त विकास घर पर मौजूद नहीं था। उनकी मां बाहर निकली तो अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने गाली गलौज करते हुए कहा कि तुम्हारा बेटा विकास बड़ा गुंडा बनता है, उसके हाथ पैर तोड़ कर रख दूंगा। पुलिस की इस क्रियाकलाप से विकास की मां की तबियत खराब हो गई है और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता स्वास्थ्य खराब होने की खबर पर विकास के घर पहुंचे थे। वापस लौटते वक्त विकास के घर क्या करने गए थे, कहते हुए आठ युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया।

चर्चित आइपीएस उदय किरण की इस कार्रवाई से राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। शनिवार की सुबह लॉ एंड ऑर्डर क्रिएट होने की स्थिति बनी रही। इसके मद्देनजर कुछ संभावित चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात किया गया था। पूरे घटनाक्रम से अवगत कराने काफी संख्या में कार्यकर्ता जांजगीर पहुंचे। बम्लेश्वरी यात्रा के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत को छोड़ने जांजगीर पहुंचे थे। यहां कार्यकर्ताओं ने डॉ. महंत से भी उदय किरण की शिकायत करते हुए गलत कार्रवाई करने का आरोप लगाया।

उधर रामपुर पुलिस चौकी में अंकित श्रीवास्तव के खिलाफ एक सहायक उपनिरीक्षक के साथ अभद्रता करने का एक और मामला दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि यह मामला करीब तीन माह पुराना है। निहारिका स्थित अंग्रेजी शराब दुकान में शराब लेने गया था, इस दौरान सहायक उप निरीक्षक से विवाद हुआ था। शुक्रवार की रात को की गई गिरफ्तारी के बाद अंकित के खिलाफ धारा 186, 294, 332, 506 पंजीबद्ध कर लिया गया है।

मानिकपुर चौकी क्षेत्र के शहीद भगत सिंह कॉलोनी में 20-25 युवकों के हुल्लड़बाजी करने की शिकायत मिलने पर पेट्रोलिंग टीम वहां पहुंची। शराब के नशे में धुत्त युवकों ने पुलिस के साथ अभद्रता करना शुरू कर दिया और पुलिस की गाड़ी में तोड़-फोड़ भी की गई। वीडियो बना रहे आरक्षक से मोबाइल छीन कर वीडियो डिलीट कर दिया। हुड़दंगियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा व संपत्ति में तोड़-फोड़ करने पर आठ आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।