टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की पत्नी साक्षी धोनी ने झारखंड की राजधानी रांची में बिजली की हालत को लेकर ट्वीट किया है. उन्होंने लिखा कि रांची में हर दिन 4 से 7 घंटे तक बिजली नहीं रहती है. शहर के लोग हर दिन पावर कट का सामना करते हैं.
गुरुवार शाम साक्षी धोनी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि 19 सितंबर को भी पांच घंटे बिजली नहीं रही. बिजली काटने का कोई कारण नहीं है. आज त्योहार भी नहीं है और मौसम भी साफ है. उम्मीद है कि संबंधित प्राधिकार समस्या का समाधान करेंगे.
बता दें कि रांची में धोनी का नया घर दलदली चौक के पास रिंग रोड से सटे सिमलिया इलाके में है. यहां रातू पावर सब स्टेशन से बिजली सप्लाई होती है. हालांकि, साक्षी के ट्वीट पर रांची के विद्युत अधीक्षण अभियंता पीके श्रीवास्तव ने सफाई दी है. उन्होंने कहा कि लोगों को 19 सितंबर की सुबह 9.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक बिजली नहीं रहने की सूचना पहले ही दे दी गई थी.

रांची एयरपोर्ट पर अपने प्रशंसकों के साथ सेल्फी लेते क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी
इस बीच महेंद्र सिंह धोनी गुरुवार शाम फ्लाइट से रांची पहुंचे. धोनी के साथ उनकी पत्नी साक्षी भी नजर आईं. एयरपोर्ट से धोनी अपनी नई SUV जीप ग्रैंड चेरूकी से घर गए. धोनी सेना में ड्यूटी करने के बाद पहली बार रांची पहुंचे हैं.