साल्हेवारा के लालपुर में 50 वर्षीय बैगा आदिवासी की हत्या के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। मामले में पुलिस ने मृतक सुकल सिंह बैगा की पत्नी सुनती बाई को गिरफ्तार किया है। घटना बीते मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात की है। जब आरोपी पत्नी सुनती बाई ने कुल्हाड़ी मारकर पति की हत्या कर दी थी। वारदात के बाद कुल्हाड़ी और खून से सने कपड़े को आरोपी पत्नी ने घर में छुपा दिया था। दो दिन से पुलिस हत्या के अज्ञात आरोपितों की तलाश में जुटी रही। इधर मृतक सुकल बैगा की पत्नी ने परिजनों और समाज के बीच में अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी पत्नी ने कहा कि शराब के नशे में मृतक आए दिन मारपीट कर लड़ाई करते थे। घटना वाली रात भी मृतक उसके साथ मारपीट कर रहा था। जिसके कारण गुस्से में आरोपी पत्नी ने कुल्हाड़ी से गर्दन पर वारकर अपने पति की ही हत्या कर दी। परिजनों व समाज के लोगों की सूचना पर साल्हेवारा पुलिस ने आरोपी पत्नी सुनती बाई को गिरफ्तार कर लिया है।
सुराग ढूंढने में जुटी थी पुलिस
बैगा आदिवासी कि खेत में मिली लाश के बाद पुलिस मृतक की पत्नी से पूछताछ की थी। क्योंकि घटना के दौरान मृतक की पत्नी भी खेत पर बनी झोपड़ी में उसके साथ ही थी। जिसमें आरोपी पत्नी ने बताया था कि दो अज्ञात लोगों ने उसके पति की कुल्हाड़ी मारकर हत्या की। लेकिन अंधेरे की वजह से वो दोनों अज्ञात आरोपितों को नहीं पहचान सकी। इसके बाद पुलिस अज्ञात आरोपितों की पतासाजी में जुटी थी। तभी आरोपी पत्नी ने समाज में अपना जुर्म कबूल कर ली। उन्होंने बताया कि शराब के नशे में आए दिन विवाद कर मारपीट कर करते थे। इसके कारण गुस्से में मैंने ही कुल्हाड़ी मारकर उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया है।