सत्ताधारी दल कांग्रेस के अधिकांश छोटे-बड़े नेता दंतेवाड़ा विधानसभा उपचुनाव में उपस्थिति दर्ज कराने दक्षिण बस्तर में हैं तो दूसरी ओर भाजपा यहां बस्तर में नगरीय निकाय चुनाव से पहले मतदाता सूची अपटेड कराने की तैयारी में जुटी है। मंगलवार को जिला भाजपा कार्यालय में जिला अध्यक्ष बैदूराम कश्यप, प्रदेश मंत्री एवं पूर्व महापौर किरण देव नेता प्रतिपक्ष निगम संजय पांडे, जिला भाजपा के महामंत्री रामाश्रय सिंह, नगर भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेन्द्र बाजपेई की मौजूदगी में बंद कमरे में नगरीय निकाय चुनाव की तैयारी को लेकर चर्चा हुई। चर्चा का मुख्य एजेंडा 16 सितंबर तक चलने वाले मतदाता सूची में नाम जोड़ने, काटने, पता परिवर्तित करने, त्रुटि सुधार आदि कार्यो में भाजपा पार्षदों को वार्डो में सक्रिय करना था। बैठक में सीनियर पार्षद संग्राम सिंह राणा, रजनीश पानीग्राही आदि पार्टी के 26 पार्षद व बूथ प्रभारी भी मौजूद थे। जिन्हें मतदाता सूची दुरस्त करने के काम में बूथ लेवल ऑफिसर के साथ बीएलए के रूप में सहयोग करने कहा गया है।
किरण देव का दावा दोबारा निगम भाजपा का होगा
पूर्व महापौर एवं पार्टी के प्रदेश महामंत्री किरण देव ने बैठक को संबोधित करते कहा कि पिछला निगम चुनाव भाजपा इसलिए हारी क्योंकि डेढ़ दशक से नगरीय सत्ता पर पार्टी काबिज थी और जनता परिवर्तन चाहती थी। इसके बावजूद शहर की जनता ने 48 में से करीब सत्तर फीसदी वार्डो में भाजपा का पार्षद चुनकर बता दिया कि उसकी आस्था भाजपा के ही साथ है। किरण देव ने कहा कि चार माह बाद होने वाले नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा दोबारा जिले के सभी नगरीय निकायों में वापसी करेगी। जिला अध्यक्ष बैदूराम कश्यप ने कहा कि पार्टी बस्तर में काफी मजबूत है। जरूरत बूथ मजबूत करने की है। नगरीय निकाय में भाजपा के अभियान के जिला प्रभारी संजय पांडे ने मतदाता सूची के संक्षिप्त पुनरीक्षण की बारीकियों से अवगत कराया और कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार जुड़े सूत्र कभी कहते हैं कि महापौर, पालिका अध्यक्ष का चुनाव अप्रत्यक्ष मतदान से होगा, कभी कहा जाता है कि प्रत्यक्ष मतदान से निकाय के सर्वोच्च पद के लिए चुनाव कराया जाएगा। पांडे ने कहा कि जनता को भ्रम में डालकर कांग्रेस यदि मनमानी करती है तो उसका पुरजोर विरोध पार्टी करेगी।



