Home News दंतेवाड़ा उपचुनाव : शक्ति प्रदर्शन के साथ ये प्रत्याशी आज भरेंगे नामांकन

दंतेवाड़ा उपचुनाव : शक्ति प्रदर्शन के साथ ये प्रत्याशी आज भरेंगे नामांकन

15
0

दंतेवाड़ा उपचुनाव के लिए बुधवार को नामांकन फॉर्म जमा करने का अंतिम दिन है। तीन राजनीतिक दलों के प्रत्याशी अंतिम दिन नामांकन भरेंगे। नामांकन रैली में प्रत्याशी और उनकी पार्टी का शक्ति प्रदर्शन देखने को मिलेगा। खासकर कांग्रेस और भाजपा ने तो शक्ति प्रदर्शन की पूरी तैयारी कर ली है। दोनों दलों के प्रत्याशियों के साथ कई बडे नेता रैली में नजर आएंगे। नामांकन रैली के बाद राजनीतिक दल और उनके प्रत्याशी चुनावी कैम्पेन और सभाओं में व्यस्त हो जाएंगे।

देवती ने भरा नामांकन, आज भूपेश, पुनिया के साथ शुभ मूहूर्त में एक और सेट जमा करेंगी

कांग्रेस ने झीरम कांड में मारे गए पूर्व नेता प्रतिपक्ष महेंद्र कर्मा की पत्नी और पूर्व विधायक देवती कर्मा को प्रत्याशी बनाया है। 2018 के विधानसभा चुनाव में दंतेवाड़ा से देवती चुनाव हार गई थीं लेकिन उपचुनाव में पार्टी ने उन पर फिर से भरोसा जताया है।

देवती ने मंगलवार को शुक्ल पक्ष ब्रह्मयोग मुहूर्त में अपना नामांकन पर्चा दंतेवाड़ा जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा किया। उनके साथ पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम भी थे। नामांकन फॉर्म जमा करने से पहले देवती पति महेंद्र कर्मा की फरसपाल स्थित समाधि में पूजा-अर्चना करने पहुंची।

बुधवार को देवती एक और सेट में नामांकन पर्चा जमा करने पहुंचेंगी, जिसमें कांग्रेस शक्ति प्रदर्शन करेगी। देवती की नामांकन रैली मेडका डोबरा मैदान से निकलेगी।

उनकी रैली में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया, एआइसीसी प्रभारी सचिव डॉ. चंदन यादव, मंत्री टीएस सिंहदेव, कवासी लखमा, बस्तर सांसद दीपक बैज के अलावा बस्तर संभाग के पार्टी के बाकी नौ विधायक भी नजर आएंगे।

नामांकन रैली में शामिल होने के लिए रायपुर और दूसरे संभाग के कांग्रेस नेता भी पहुंचेंगे। नामांकन रैली के बाद दोपहर तीन बजे दंतेवाड़ा में बैठक रखी गई है, जिसमें उपचुनाव की रणनीति पर बात होगी। बैठक में बस्तर संभाग के जनप्रतिनिधि और स्थानीय नेता शामिल होंगे। यह बैठक पुनिया लेंगे, वे जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों की उपचुनाव के लिए जिम्मेदारी तय करेंगे।

बसपा प्रत्याशी ने भरा नामांकन, जकांछ प्रत्याशी आज जमा करेंगे

बसपा ने हेमंत पोयाम और जकांछ ने सुजीत कर्मा को प्रत्याशी बनाया है। पोयाम बसपा के प्रदेश अध्यक्ष हैं। उन्होंने मंगलवार को अपना नामांकन फॉर्म जमा किया। उनके साथ बसपा के प्रदेश प्रभारी दाउराम रत्नाकर समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी भी जिला निर्वाचन कार्यालय पहुंचे।

वहीं जकांछ प्रत्याशी बुधवार को नामांकन भरेंगे। उनकी नामांकन रैली पर सबकी नजर होगी, क्योंकि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी रैली में शामिल होने वाले थे। एक दिन पहले मंगलवार को उनकी गिरफ्तारी हुई और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। अमित ने इस बात को कोर्ट में अपनी पैरवी करते हुए कहा कि वे दंतेवाड़ा जाने वाले थे।

दंतेवाड़ा पर कांग्रेस-भाजपा के अपने दावे

दंतेवाड़ा उपचुनाव में जीत को लेकर कांग्रेस और भाजपा के अपने-अपने दावे हैं। मंगलवार को दिल्ली से रायपुर पहुंचे कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पुनिया ने मीडिया से चर्चा में कहा कि दंतेवाड़ा सीट हमारे लिए महत्वपूर्ण है। वहां जीत के लिए भाजपा भी कोशिश करेगी। कांग्रेस कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेगी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम पहले से दंतेवाड़ा में डेरा डाले हुए हैं।

सरकार ने आदिवासियों के लिए जो काम किए हैं, उसी के आधार पर कांग्रेस चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस सरकार ने आदिवासियों को उनकी जमीन वापस दिलाई है। कांग्रेस का दावा है कि हर मुद्दे पर कांग्रेस सरकार न केवल आदिवासी, बल्कि आम लोगों के साथ खड़ी नजर आई है। दंतेवाड़ा में कांग्रेस की जीत तय है।

वहीं, दिल्ली दौरे से लौटे भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने एयरपोर्ट में मीडिया से बातचीत में कहा कि दंतवोड़ा उपचुनाव भाजपा के लिए काफी महत्वपूर्ण है। भाजपा के कार्यकर्ताओं ने विधानसभा चुनाव 2018 में दंतेवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में बहुत मेहनत की थी। इसी का नतीजा था कि बस्तर संभाग की केवल एक विधानसभा सीट दंतेवाड़ा में भाजपा जीती थी। अब उपचुनाव में भी पूरी शक्ति के साथ भाजपा जुटेगी।