Home News शहीद जवान को दी गई अंतिम सलामी…

शहीद जवान को दी गई अंतिम सलामी…

25
0

अबूझमाड़ के गुमरका में शनिवार की अलसुबह नक्सली मुठभेड़ में शहीद जवान को पुलिस लाइन में अंतिम सलामी दी गई। बस्तर आइजी विवेकानंद सिन्हा, एसपी मोहित गर्ग समेत डीआरजी के जवानों ने शहीद जवान को कंधा देकर गृहग्राम रवाना किया। नगर के गणमान्य नागरिक और शहीद जवान के परिजन मौजूद रहे। शहीद जवान राजू नेताम को गॉड ऑफ ऑनर देने के बाद पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धा सुमन किया गया। शहीद जवान की पत्नी रोते बिलखते हुए अपने दिवंगत पति के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित करने पहुंची।

गोली लगने के बाद 18 घंटे जीवित रहे

मालूम हो कि गोपनीय सैनिक राजू नक्सलियों से लोहा लेते हुए वीरगति को प्राप्त हुए हैं। उनके पेट और कमर के हिस्से में गोली लगने के बाद 18 घंटे तक जीवित रहे। वापसी के दौरान मुख्यालय पहुंचने और हेलीकॉप्टर के बारे में जानकारी अपने साथियों से लेते हुए रात करीब 10 बजे ओरछा थाना से 5 किमी दूर दुलूरपारा में राजू नेताम ने अंतिम सांस ली। जवान के पार्थिव शरीर को नेलसनार गृहग्राम रवाना किया गया है। राजू नेताम की दिलेरी के किस्से गार्ड आफ ऑनर के दौरान डीआरजी के जवानों के साथ एसटीएफ,आइटीबीपी, जिला बल के जवान करते हैं।

पैदल चलकर थाना पहुंचा घायल जवान

मुठभेड़ में घायल हुए दूसरे जवान सोमारू गोटा को बेहतर इलाज के लिए रामकृष्ण केयर अस्पताल रायपुर रेफर किया गया है। सोमारू के दाहिने कंधे में गोली लगी है। नक्सली मुठभेड़ में गोली लगने के बाद सोमारू पैदल चलकर ओरछा थाना पहुंचे थे। इस मौके पर डीआइजी कांकेर रेंज टीआर पैकरा, कोंडागांव एसपी सुजीत कुमार, 16वीं वाहनी के उप कमांडेंट मिर्जा बेग, आइटीबीपी, बीएसएफ, सीएएफ के कमांडेंट तथा बृजमोहन देवांगन, कमलजीत आहूजा, पंकज जैन, प्रमोद नैलवाल, गजा पटेल, सुदीप झा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।