शुक्रवार को दंतेवाड़ा जिले के फरसपाल और अरनपुर थाना क्षेत्र से चार नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें तीन पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। इन पर मुख्य रूप रेल पटरी उखाड़ने, फायरिंग और बम-पोस्टर लगाने के साथ हत्या, लूट और मारपीट जैसे अपराध थानों में दर्ज हैं। वहीं दूसरी ओर बीजापुर में एक महिला नक्सली को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है।
मुखबिर की सूचना पर दंतेवाड़ा जिले के फरसपाल-भैरमगढ़ मार्ग की ओर फोर्स निकली थी। कच्चे घाटी में कुछ संदिग्ध नजर आने पर डीआरजी और फरसपाल थाना के जवानों ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। पूछताछ में वे भैरमगढ़ एरिया कमेटी के सक्रिय सदस्य निकले। इनकी पहचान एलजीएस सदस्य बुधराम पुत्र मंगलू ओयाम, जनमिलिशिया कमांडर ओयाम राजू पुत्र सन्नू और डीएकेएमएस सदस्य पुनेम सुखराम पुत्र पंडरू के रूप में हुई। तीनों बीजापुर जिले के बेचापाल थाना मिरतुर के रहने वाले हैं। उधर अरनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पोटाली के जंगल में मलांगिर एरिया कमेटी के एलओएस सदस्य नंदा पुत्र भीमा कुंजाम को गिरफ्तार किया गया है।
फरसपाल और अरनपुर थाना क्षेत्र से चार नक्सलियों की गिरफ्तारी हुई है। इनमें से एलजीएस सदस्य, जनमिलिशिया कमांडर और एलओएस सदस्य पर एक-एक लाख रुपये का इनाम था। न्यायालय में पेश कर रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
-डॉ. अभिषेक पल्लव, एसपी दंतेवाड़ा
महिला गिरफ्तार, अन्य भाग निकले
बीजापुर जिले के पामेड़ थाना से जिला बल व एसटीएफ की संयुक्त पार्टी एमपुर-रासपल्ली के मध्य पहाड़ी जंगल से महिला नक्सली जिम्मे मड़कम पुत्री जोगा को गिरफ्तार किया है। नक्सलियों की संख्या 8-10 थी। अन्य भाग निकले। उसके पास से एक नग कुकर बम, 60-70 मीटर इलेक्ट्रिक वायर और बैटरी बरामद किया गया। वह एमपुर थाना पामेड़ की निवासी है। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।