छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में शुक्रवार की सुबह पुलिस व नक्सलियों के मध्य हुई मुठभेड़ में सीआरपीएफ के तीन जवान शहीद हो गये। मुठभेड़ के दौरान हुई क्रास फायरिंग में एक युवती की भी मौत हो गई। वहीं स्कूली छात्रा भी जख्मी हो गयी है।
घटना की पुष्टि करते हुए बीजापुर एसपी दिव्यांग पटेल ने बताया कि भैरमगढ़ थाने से डीएफ एवं सीआरपीएफ का संयुक्त पुलिस बल गश्त सर्चिंग के लिए रवाना हुआ था। ग्राम केशकुतुल सुकानाला के निकट घात लगाए नक्सलियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फौरन मोर्चा संभालते हुए गोलीबारी की। लगभग एक घंटे की मुठभेड़ के बाद अंतत: नक्सली घने जंगल और पहाड़ी की आड़ लेकर भाग गए।
नक्सली गोलीबारी में सीआरपीएफ 199वीं बटालियन के दो जवान एएसआई महादेव पाटिल एवं एएसआई ओपी साझी मौके पर शहीद हो गये। एक हेड कांस्टेबल मदनलाल को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी भी सांसें थम गई।
मुठभेड़ के दौरान भैरमगढ़ बाजार की ओर आ रही वाहन में सवार युवती डिब्बी तेलम को गोली लग गयी, जिससे उसकी मौत हो गयी। गोलीबारी में एक स्कूली छात्रा रिंकी हेमला जख्मी हुई है, जिसे भैरमगढ़ अस्पताल में उपचारार्थ भर्ती करवाया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बतायी जा रही है।



