महासमुंद। जंगली हाथी के शहर में प्रवेश से लोगों में भय व्याप्त है। जानकारी के अनुसार दो जंगली हाथी शहर में घुस गए है और कलेक्टर ऑफिस से कुछ दूर डेरा जमा लिया। बताया जा रहा है कि हाथी प्रभावित सिरपुर क्षेत्र से दो जंगली हाथी सोमवार की सुबह से लचकेरा फिंगेश्वर की ओर विचरण कर रहे थे। मंगलवार की सुबह दोनों महासमुंद शहर आ धमके और कलेक्टोरेट से 400 मीटर की दूरी पर डेरा जमा लिया। सुबह-सुबह लोगों ने हाथियों को देखा तो दहशत में आ गए। इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई। डीएफओ आलोक तिवारी, रेंजर मनोज चंद्राकर सहित वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा। गजराज वाहन का सायरन बजाकर हाथियों को खदेड़ने का प्रयास किया, लेकिन गर्मी तेज होने के कारण हाथी पेड़ की छांव में बैठे रहे।
इधर वन विभाग का अमला हाथियों की निगरानी में लगा हुआ है। डीएफओ आलोक तिवारी ने कहा कि वन अमला पूरी मुस्तैदी के साथ हाथियों की निगरानी में जुटा हुआ है। आसपास के गांव में मुनादी कराई गई है। ग्रामीणों को सतर्क रहने कहा गया है।