सुरक्षा बलों ने अपनी रणनीति में सुधार करते हुए नक्सलियों को उन्हीं की भाषा में उत्तर देने की सारी तैयारी कर ली है। अब महिला सुरक्षा बलों को सामने रखकर नक्सलियों पर धावा बोला जायेगा और नक्सलियों को उन्हीं की भाषा में जवाब दिया जायेगा। इस समय महिला पुलिस व सुरक्षा बलों की महिला कमांडों का प्रशिक्षण पूर्ण हो चुका है। अब इन महिला जवानों को नक्सलियों के विरूद्ध होने वाले अभियान में शामिल किया जायेगा। दंतेवाड़ा पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक पल्लव ने इस संबंध में यह जानकारी प्रदान की है। उल्लेखनीय है कि अभी तक नक्सलियों के विरूद्ध होने वाले सुरक्षा बलों के अभियानों में पुरूष जवानों की सक्रियता ही रहती है, लेकिन अब महिला सुरक्षा जवानों को भी साथ में शामिल किया जायेगा। बस्तर में सुरक्षा बलों का यह एक नया प्रयोग होगा। जबकि नक्सलियों के द्वारा महिला नक्सलियों को सामने रखकर पुलिस के विरूद्ध अभियान चलाया जाता है। इस संबंध में यह भी जानकारी प्राप्त हुई है कि डीआरजी जवानों की तरह नक्सल अभियान का हिस्सा महिला कमांडो भी होगी। नक्सली ऑपरेशन के लिए सात महिला कमांडों की टीम को तैयार किया गया है। जिनमें सीआरपीएफ की बस्तर बटालियन की टुकड़ी से 30 तथा डीएफ से 30 महिला कमांडों शामिल होंगी।