IPL 2026 Final Ahmedabad Highest Run Chase: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और गुजरात टाइटंस का फाइनल अहमदाबाद में खेला जाएगा. इसे हाई-स्कोरिंग मैदान माना जाता है.
आज इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन को अपना विजेता मिल जाएगा. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू या गुजरात टाइटंस में से कोई एक आज जरूर दूसरी बार चैंपियन बनेगी. फाइनल मैच अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसे हाई-स्कोरिंग मैचों के लिए जाना जाता है.
बेंगलुरू के पास विराट कोहली, रजत पाटीदार और भुवनेश्वर जैसे मैच विजेता खिलाड़ी हैं, जो अकेले दम पर मैच का रुख पलट सकते हैं. दूसरी ओर गुजरात के पास शुभमन गिल, साई सुदर्शन और कगिसो रबाड़ा हैं. मैच में जबरदस्त टक्कर देखने को मिल सकती है, लेकिन नरेंद्र मोदी स्टेडियम के आंकड़े क्या कहते हैं? किसी टीम को पहले बैटिंग करते हुए कितने रन बनाने होंगे, जिससे चेज करने वाली टीम मुश्किल में पड़ जाए.
कितने रन आसानी से हो जाएंगे चेज?
आईपीएल के इतिहास में नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर सबसे बड़ा स्कोर 243 रन है और यहां की पिच बल्लेबाजी के लिए बढ़िया मानी जाती है. अहमदाबाद में सबसे बड़ा रन चेज कोलकाता नाइट राइडर्स के नाम है, जिसने 2023 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 205 रनों का टारगेट सफलतापूर्वक चेज कर लिया था.
आईपीएल के इतिहास में अब तक अहमदाबाद में चार बार 200 या उससे अधिक रनों का लक्ष्य चेज किया जा चुका है. ये आंकड़े बताते हैं कि यहां पहले बैटिंग करने वाली टीम के लिए 200 रनों के आसपास का स्कोर भी सुरक्षित नहीं है.
RCB और GT के आंकड़े
एक गौर करने वाला तथ्य यह है कि बेंगलुरू भी अहमदाबाद में 201 रनों का टारगेट हासिल कर चुकी है. नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर RCB हेड टू हेड रिकॉर्ड के मामले में गुजरात पर हावी रही है. दोनों टीमों के बीच यहां खेले गए 9 मुकाबलों में पांच बार बेंगलुरू ने गुजरात को शिकस्त दी है. वहीं गुजरात भी यहां 200 रनों का टारगेट हासिल कर चुकी है.



