असम में 12 मई को नई बीजेपी सरकार का शपथ ग्रहण होगा. इससे पहले पार्टी ने फैसला लिया है कि हिमंता बिस्वा सरमा तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे.
असम के अगले मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा होंगे. बीजेपी की विधायक दल की बैठक में ये फैसला हुआ है. जेपी नड्डा ने हिमंत बिस्वा के नाम का ऐलान किया है. 12 मई को सुबह 11 बजे हिमंत बिस्वा सरमा तीसरी बार असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. इसके साथ ही बीजेपी नेता हिमंता बिस्वा सरमा दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे.
बीजेपी ने विधायक दल का नेता चुनने के लिए पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पर्यवेक्षक बनाया था. इसके लिए असम बीजेपी विधायक दल की बैठक बुलाई गई थी, जिसमें औपचारिक रूप से नेता का चुनाव किया गया. हिमंता बिस्वा सरमा ने 6 मई को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था. फिलहाल वह कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे थे. अब नई सरकार के गठन के साथ वह लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं.
असम में कब है शपथ समारोह?
असम में शपथ ग्रहण समारोह 12 मई की सुबह 11 बजे गुवाहाटी के खानापारा वेटरनरी कॉलेज फील्ड में आयोजित किया जा सकता है. इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है. इसके अलावा देश के करीब 22 राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी समारोह में आमंत्रित किया गया है. असम में बीजेपी पहली बार साल 2016 में सत्ता में आई थी, जब सर्वानंद सोनोवाल मुख्यमंत्री बने थे. इसके बाद 2021 में हिमंता बिस्वा सरमा ने मुख्यमंत्री पद संभाला. अब 2026 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने एक बार फिर बड़ी जीत हासिल की है.
बीजेपी के नेतृत्व वाले NDA गठबंधन को भारी बहुमत
4 मई को आए चुनाव नतीजों में बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन को भारी बहुमत मिला. 126 सीटों वाली असम विधानसभा में बीजेपी ने 82 सीटों पर जीत दर्ज की. कांग्रेस को 19 सीटें मिलीं, जबकि बीओपीएफ को 10 सीटें हासिल हुईं. एजीपी को भी 10 सीटें मिलीं, वहीं एआईयूडीएफ सिर्फ 2 सीटों पर सिमट गई.



