Home देश यूपी में 6 नहीं आठ मंत्री लेंगे शपथ, योगी सरकार के कैबिनेट...

यूपी में 6 नहीं आठ मंत्री लेंगे शपथ, योगी सरकार के कैबिनेट विस्तार से पहले आ गई फाइनल लिस्ट…

1
0

यूपी में लंबे समय से चर्चा में चल रहा सीएम योगी मंत्रिमंडल विस्तार अब अंतिम चरण में है और आज दोपहर तीन बजे योगी कैबिनेट के नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण होगा.

उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार का बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार आज होने जा रहा है. विधानसभा चुनाव 2027 से पहले होने वाले इस विस्तार को बीजेपी के लिए बेहद अहम माना जा रहा है. पार्टी जातीय और क्षेत्रीय संतुलन साधने के साथ संगठन और सहयोगी नेताओं को साधने की रणनीति पर काम कर रही है. शपथ ग्रहण समारोह रविवार दोपहर 3 बजे आयोजित होने की संभावना है.

प्रदेश में मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्रियों समेत फिलहाल कुल 54 मंत्री हैं, जबकि संवैधानिक रूप से 60 मंत्री बनाए जा सकते हैं. ऐसे में 6 नए चेहरों को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की चर्चा तेज है.

इस नामों पर हैं सबसे ज्यादा चर्चा

राजनीतिक गलियारों में सबसे ज्यादा चर्चा रायबरेली से विधायक मनोज पांडेय और कौशांबी की विधायक पूजा पाल के नाम की हो रही है. दोनों नेताओं ने राज्यसभा चुनाव के दौरान समाजवादी पार्टी से अलग रुख अपनाते हुए बीजेपी प्रत्याशी का समर्थन किया था. माना जा रहा है कि पार्टी उन्हें इसका राजनीतिक इनाम दे सकती है.

इसके अलावा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा, खागा से विधायक कृष्णा पासवान और अलीगढ़ के खैर से विधायक सुरेंद्र दिलेर और विधायक कैलाश राजपूत के नाम भी संभावित मंत्रियों की सूची में बताए जा रहे हैं. योगी सरकार के पहले कार्यकाल में ऊर्जा मंत्री रहे श्रीकांत शर्मा की भी वापसी की चर्चा है. वहीं बीजेपी प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल को भी मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है.

सूत्रों के अनुसार योगी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में कुछ मौजूदा राज्यमंत्रियों को बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है. सरकार संगठन और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए कई चेहरों को प्रमोट करने की तैयारी में है. जिन नेताओं के नाम कैबिनेट मंत्री बनाए जाने की चर्चा में हैं, उनमें सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर, माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी, उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह और समाज कल्याण राज्य मंत्री असीम अरुण प्रमुख माने जा रहे हैं.