क्रिकेट जगत की नजरें आज के दिन पर पूरी तरह से टिक गई हैं. आज रविवार, 1 मार्च को टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 राउंड का सबसे बड़ा और आखिरी मुकाबला खेला जाएगा. यह मैच केवल दो टीमों के बीच की भिड़ंत नहीं है, बल्कि यह एक ऐसा फैसला है जो निर्धारित करेगा कि सेमीफाइनल में प्रवेश करने वाली चौथी टीम कौन सी होगी.
भारतीय टीम और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले इस करो या मरो के मुकाबले में जो भी बाजी मारेगा, उसे सीधे अंतिम चार में जगह मिलेगी. यह मुकाबला इसलिए भी खास है क्योंकि इसी मैच से यह साफ हो जाएगा कि क्या मौजूदा चैंपियन भारत अपने खिताब को बचाने की राह पर आगे बढ़ेगा या फिर उसका विश्व कप का सफर यहीं समाप्त हो जाएगा.
सूर्यकुमार के पास इतिहास रचने का मौका
आपको याद होगा कि साल 2024 में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया था. उस ऐतिहासिक जीत की खुमारी क्रिकेट फैंस के दिलों में आज भी ताजा है. अब टीम इंडिया की नजरें एक बार फिर से उसी चमचमाती ट्रॉफी को चूमने पर हैं. टूर्नामेंट का इतिहास बताता है कि आज तक कोई भी टीम लगातार दो बार टी20 विश्व कप नहीं जीत पाई है. ऐसे में कप्तान सूर्यकुमार यादव के पास एक सुनहरा अवसर है. अगर टीम इंडिया आज वेस्टइंडीज की मजबूत चुनौती को पार कर सेमीफाइनल में पहुंचती है और अंततः खिताब जीतती है, तो भारतीय टीम क्रिकेट इतिहास के पन्नों में एक नया अध्याय लिख देगी.
तीन दिग्गज टीमें कर रही हैं प्रतिद्वंद्वी का इंतजार
सुपर-8 राउंड अब अपने बिल्कुल अंतिम पड़ाव पर है. इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका ने पहले ही बेहतरीन खेल दिखाते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह पूरी तरह से पक्की कर ली है. अब बस एक आखिरी स्थान खाली है, जिसके लिए भारत और वेस्टइंडीज अपनी पूरी ताकत झोंकने वाले हैं. आज के मैच का परिणाम आते ही टूर्नामेंट की अंतिम चार टीमों की तस्वीर पूरी तरह से साफ हो जाएगी और यह तय हो जाएगा कि फाइनल का रास्ता किनके बीच से होकर गुजरेगा.
कुल प्राइज मनी लगभग 120 करोड़ रुपये
खेल के मैदान पर ट्रॉफी के लिए होने वाली इस जंग के साथ-साथ इनामी राशि भी इस बार काफी सुर्खियों में है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, टी20 विश्व कप 2026 की कुल प्राइज मनी लगभग ₹120.37 करोड़ रुपये (13.5 मिलियन डॉलर) तय की गई है. इस बार विजेता टीम पर छप्परफाड़ पैसा बरसेगा, लेकिन हारने वाली टीमों को भी निराश नहीं होना पड़ेगा.
टूर्नामेंट जीतने वाली टीम को इस बार करीब 27.48 करोड़ रुपये मिलने की उम्मीद है. तुलना के लिए बता दें कि 2024 में जब भारत ने खिताब जीता था, तब उसे 20 करोड़ रुपये मिले थे. यानी इस बार प्राइज मनी में बड़ा इजाफा हुआ है. इसके अलावा, फाइनल मुकाबले में जो टीम हारेगी, उसकी भी चांदी होने वाली है. उपविजेता टीम को लगभग 14.65 करोड़ रुपये दिए जाएंगे
बाकी टीमों के लिए भी इनाम तय किए गए हैं. सेमीफाइनल में हारने वाली टीमें 7.24 करोड़ रुपये पाएंगी, 5वें से 12वें स्थान पर रहने वाली टीमें 3.48 करोड़ रुपये हासिल करेंगी, जबकि 13वें से 20वें स्थान पर रहने वाली टीमों को 2.29 करोड़ रुपये मिलेगें.



