Home छत्तीसगढ़ RAJNANDGAON गहिराटोला में जिपं उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने किए माता रानी के दर्शन,...

गहिराटोला में जिपं उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने किए माता रानी के दर्शन, ग्रामीणों से की भेंट-मुलाकात

1
0

खैरागढ़। शारदीय नवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह खैरागढ़-छुईखदान ब्लॉक के पैलीमेटा वनांचल क्षेत्र स्थित ग्राम गहिराटोला पहुंचे, जहाँ उन्होंने माँ दुर्गा के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर प्रांगण पहुंचकर उन्होंने जगत जननी माँ दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती की तथा ईश्वर से समूचे क्षेत्र में शांति, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य का आशीर्वाद मांगा। दर्शन के उपरांत उन्होंने कहा कि नवरात्रि का यह पवित्र पर्व पूरे क्षेत्र में असीम भक्ति, अपार श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है।

विकास कार्यों और जनसमस्याओं पर चर्चा
माता रानी के दर्शन के पश्चात जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने उपस्थित ग्रामीणों एवं बुजुर्गों से सहज वातावरण में भेंट-मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने गांव के सर्वांगीण विकास, अधोसंरचनात्मक आवश्यकताओं और जनसमस्याओं के संबंध में ग्रामीणों से सीधे संवाद कर विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि वनांचल क्षेत्र के विकास में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी और क्षेत्रवासियों की हर मूलभूत सुविधा व मांग को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा।

महिलाओं ने व्यक्त की महतारी वंदन योजना पर खुशी
संवाद के दौरान गांव की महिलाओं ने शासन की महत्वाकांक्षी ‘महतारी वंदन योजना’ के सफल क्रियान्वयन पर अपनी गहरी प्रसन्नता व्यक्त की। महिलाओं ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत हर महीने बिना किसी बाधा के उनके बैंक खातों में एक-एक हजार रुपये की राशि नियमित रूप से जमा हो रही है। इससे उन्हें वित्तीय आत्मनिर्भरता मिली है और वे अपने छोटे-मोटे दैनिक खर्चों के लिए अब किसी अन्य पर निर्भर नहीं हैं। श्री सिंह ने महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि जनहितकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही उनका मुख्य ध्येय है।

कार्यकर्ताओं की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस भक्तिमय एवं जन-संवाद कार्यक्रम के दौरान प्रमुख रूप से नर्मदा मंडल भाजपा अध्यक्ष आनंद पटेल, मंडल महामंत्री भीखू हिरवानी, आनंद सिन्हा, संतन साहू, बाला जंघेल, माखन जंघेल, बल्लू जंघेल, रामप्रसाद मरावी और अमरपाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।